नवम वर्ग में नामांकन कराने को लेकर डंडारी के आक्रोशित छात्रों ने एसएएस उच्च विद्यालय के समीप बाजार की मुख्य सड़क अवध-तिरहुत पथ को करीब एक घंटे तक जमकर हंगामा किया। जिसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई। पुलिस ने हंगामा कर रहे छात्रों को समझा-बुझाकर जाम छुड़वाया। बताया जाता है कि डंडारी प्रखंड क्षेत्र के मध्य विद्यालय महिपाटोल, कटहरी, आदर्श मध्य विद्यालय मोहब्बा, पचरुखी, डुमरिया एवं प्रताड़पुर के छात्र गुरुवार को उच्च विद्यालय बलिया में नामांकन कराने को लेकर आए थे। जिन्हें एचएम द्वारा नामांकन नहीं किए जाने की जानकारी पर आक्रोशित छात्रों ने विद्यालय के सामने बलिया बाजार की मुख्य सड़क को जाम कर दिया। इसकी सूचना स्थानीय लोगों द्वारा बीईओ एवं स्थानीय थाना को दी गई। जिसके बाद बलिया पुलिस एवं बीआरपी सुनील कुमार मौके पर पहुंचकर आक्रोशित छात्रों को शांत कराते हुए जाम को छुड़वाया। इस उमस भरी गर्मी में जाम से करीब 1 घंटे तक राहगीर हलकान रहे। बीआरपी सुनील कुमार ने आक्रोशित छात्रों को बीआरसी भवन लाकर प्रखंड क्षेत्र के उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय बरबीघी एवं हुसैनपुर में नामांकन के लिए फार्म उपलब्ध करवाया। हंगामा कर रहे छात्र हेमंत कुमार, अमर कुमार, गुलशन कुमार, राज कुमार, गोविंद कुमार आदि ने बताया कि हमारे गांव के आसपास उत्क्रमित माध्यमिक प्लस टू विद्यालय नया टोला कल्याणपुर में अवस्थित है। जहां शिक्षक के अभाव में पठन-पाठन की स्थिति बेहतर नहीं रहने के कारण हम लोग एडमिशन के लिए बलिया बाजार स्थित उच्च विद्यालय से फार्म खरीदा था। जिसके बाद आज नामांकन के लिए आने पर एचएम द्वारा नामांकन नहीं किए जाने की जानकारी दी गई। वहीं एचएम रंजीत कुमार, सुधांशु का कहना है कि पहले अपने पोषक क्षेत्र के छात्रों का एडमिशन करना है। विभागीय निर्देश के अनुसार, जिस गांव में उच्च विद्यालय नहीं हैं उन गांव एवं पंचायतों के ही बच्चों का एडमिशन लिया जाना है। हंगामा करने वाले बच्चों के पंचायतों में उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय है जिसके कारण उन्हें उक्त विद्यालय में ही एडमिशन कराने को कहा गया है। जबकि बच्चों के द्वारा नामांकन फार्म स्थानीय गांव का नाम बोल कर लिया गया था।