8 बोगी ट्रेन में 800 की जगह 1500 यात्री, लटक कर सफर करने मजबूर
भले ही रेलवे ने गुदुम तक चलने वाली ट्रेन का भानुप्रतापपुर तक विस्तार कर दिया है। लेकिन बोगी बढ़ाने का प्रस्ताव अब तक अटका हुआ है। इसका खामियाजा लोगों को उठाना पड़ रहा है। 8 बोगी वाली ट्रेन में 1500 से ज्यादा यात्री सफर कर रहे हैं।
रेलवे अफसरों के अनुसार 8 बोगी वाली ट्रेन में औसतन 800 लोग आराम से बैठकर सफर कर सकते हैं लेकिन ऐसे हालात बन नहीं पा रहे हैं, कारण यह है कि जिले के अधिकांश लोग ट्रेन में ही दुर्ग, भिलाई, रायपुर तक सफर करते हैं इसलिए यात्रियों की संख्या बढ़ते क्रम पर है। रायपुर से चलने वाली मेमू, डेमू लोकल ट्रेन से रेल मंडल को सलाना 60 करोड़ रुपए की आमदनी हो रही है।
गुदुम स्टेशन में ट्रेन में सवार होने के लिए मशक्कत करते यात्री।
शादी सीजन के चलते यात्रियों की संख्या बढ़ी
ट्रेन में इतनी भीड़ रहती है कि लोग जान जोखिम में डालकर गेट पर लटककर या फिर खड़े होकर यात्रा कर रहे हैं। ट्रेन के 8 डिब्बों में अधिकतम 800 यात्री ही सफर कर सकते हैं। हर बोगी को 100 पैसेंजर क्षमता के अनुसार डिजाइन किया गया है। किसी विशेष दिन और त्योहारी सीजन में यात्रियों की संख्या और भी बढ़ जाती है।
पैर रखने तक की जगह नहीं होती: लोकल ट्रेन में कई बार इतनी भीड़ होती है कि पैर रखने तक की जगह नहीं होती। गेट के पास ही कई यात्री बैठकर या लटककर सफर करते हुए दिखाई देते हैं।
इसलिए अटका है मामला
देश में पंजाब के कपूरथला में ही मेमू का बोगी बनाने की फैक्टरी है। रायपुर मंडल का प्रस्ताव रेलवे बोर्ड तक गया है, लेकिन कपूरथला फैक्ट्री में अभी बोगी नहीं बन पाई है। प्रस्ताव स्वीकृत होने पर ही कोच बनाने का काम शुरू होगा। रायपुर मंडल की ओर से हर साल रेलवे बोर्ड और जोन को कोच बढ़ाने का प्रस्ताव भेजा जाता है,लेकिन अभी तक इस पर मुहर नहीं लग पाई है।
जिले में रोजाना छह फेरा लगाती है डेमू ट्रेन: जिले में रोजाना छह फेरा डेमू ट्रेन लगा रही है। वहीं सोमवार से बुधवार तक एक ट्रेन अतिरिक्त चलती है। भास्कर की पड़ताल में सामने आया कि ट्रेन में यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है।
अभी लंबित है मामला: रायपुर मंडल के सीनियर डीओएम रविश कुमार सिंह का कहना है कि डेमू, मेमू ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ी है। नए कोच लगाने के लिए मंडल की तरफ से प्रयास जारी है।
रेलवे बोर्ड नई दिल्ली में पेडिंग है फाइल: रेलवे की तरफ से तीन साल से ट्रेन में 8 की जगह 12 बोगी बढ़ाने का प्रस्ताव पेंडिग पड़ा हुआ है। रेलवे मंडल रायपुर, बिलासपुर जोन ने रेलवे बोर्ड नई दिल्ली को जून 2016 में पत्र लिखा था।