मांग 10 की, पांच बोर करवाने अफसरों ने दी सहमति
शहर में 15 अप्रैल के बाद से गर्मी के कारण जल संकट बढ़ता जा रहा है। नदी के बोर से टंकियों में पर्याप्त पानी नहीं भर पा रहा है। वार्डों में पुराने बोर भी अब कम पानी दे रहे हैं। वाॅटर लेवल डाउन होने से परेशानी बढ़ गई है। मंगलवार को कुछ वार्डों के पार्षदों और कांग्रेसियों ने पीएचई के ईई से मिलकर 10 वार्डों में नए बोर कराने की मांग की।
पीएचई के ईई आरके शुक्ला ने कहा कि शहर में जलसंकट से निपटने की योजना बना रहे हैं। तीन जगह बोर खनन का प्रस्ताव है। इस पर पार्षदों ने कहा कि तीन बोर नाकाफी होंगे। कम से कम 5 से 7 बोर होने चाहिए।
आधे घंटे की चर्चा के बाद अधिकारी शहर में 5 बोर कराने के लिए सहमत हुए। बोर कहां-कहां कराए जाएंगे इसके लिए सर्वे कर प्राथमिकता तय की जाएगी। जिस एरिया में ज्यादा परेशानी है वहां पहले ध्यान दिया जाएगा। पार्षद कसमुद्दीन कुरैशी ने कहा कि पुराने बोर से अब पानी नहीं निकल रहा है। उम्मीद है कि वार्ड में दूसरी जगह पर बोर करेंगे तो पानी निकलेगा। कम से कम गर्मी में लोगों को राहत दे सकते हैं।