3 ग्रामीणों को पीएम आवास योजना से मिली मदद, सांसद ने कराया गृह प्रवेश
ग्राम जगतरा में बुधवार को ग्राम सुराज के तहत स्वच्छता दिवस कार्यक्रम में सांसद विक्रम उसेंडी पहुंचे। उन्होंने तीन ग्रामीण आशाराम निषाद, यशवंत, लालेंद्र के घर प्रधानमंत्री आवास योजना में गृह प्रवेश कराया। जब सांसद ग्रामीणों के घर पहुंचे तो उनका फूल मालाओं से स्वागत हो रहा था। इस दौरान सांसद ने कहा स्वागत आपका होना चाहिए। जिनकी सहभागिता से सरकार की योजनाएं सफल हो रही है। यशवंत के भाई मोतीराम जब उन्हें हार पहनाने आए तो सांसद ने उन्हें ही उल्टा हार पहना कर सम्मानित किया।
उन्होंने कहा 2022 तक मोदी के नेतृत्व में हर व्यक्ति के सिर पर पक्का छत होगा। जगतरा से स्वच्छता रथ को हरी झंडी दिखाते हुए कहा मोदी सरकार ने एक वैचारिक योजना चलाई। स्वच्छ भारत मिशन ने लोगों का विचार बदला। जनता की सहभागिता से योजनाए सफल हो रही है। जनपद अध्यक्ष दयानंद साहू ने कहा कि आज जन्म से लेकर मृत्यु तक लोगों को शासन की योजनाओं का लाभ मिल रहा है। सांसद ने ग्रामीणों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड, स्मार्ट कार्ड, उज्ज्वला गैस कनेक्शन दिया। ग्रामीणों ने समरसता भवन बनाने की मांग की। इस दौरान ग्रामीण भाजपा मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र देशमुख, जिला महिला मोर्चा महामंत्री दीपा साहू, सरपंच गजेंद्र यादव, पवन साहू, शहर मंडल अध्यक्ष कमलेश सोनी, प्रतिभा चौधरी, खिलेश्वरी साहू, नरेश साहू, दानवीर साहू मौजूद रहे।
ग्रामीण मोतीराम स्वागत करने लगे तो सांसद ने उल्टा उन्हें ही हार पहना दिया।