पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • 69 समितियों में माइक्रो एटीएम डिवाइस की सुविधा

69 समितियों में माइक्रो एटीएम डिवाइस की सुविधा

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
जिले के किसानों के लिए अच्छी खबर है। उन्हें अब कैश जमा और निकालने के लिए जिला सहकारी बैंक या फिर सहकारी समितियों में चक्कर लगाने की जरूरत नहीं है, क्योंकि माइक्रो एटीएम डिवाइस लगाने का काम पूरा हो गया है। समितियों में इसके जरिए किसान एक दिन में 5 हजार रुपए तक निकाल सकेंगे। 10 हजार तक जमा कर सकेंगे।

जिला सहकारी बैंक ने सहकारिता के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ में पहली बार ऐसी सर्विस शुरू की है, इसके जरिए महज रुपे केसीसी कार्ड के जरिए आप नजदीकी समिति से कैश निकाल सकते हैं या जमा कर सकते हैं। इसका उपयोग अन्य राष्ट्रीयकृत बैंकों के एटीएम में भी किया जा सकता है। 15 दिन पहले तीन जिले बालोद, दुर्ग व बेमेतरा के सभी 182 समितियों में माइक्रो एटीएम डिवाइस को लगाया गया है। इसमें बालोद जिले की 69 समितियां भी शामिल है। यहां हजारों किसान खाताधारक है। जिसे लाभ मिलेगा।

नई व्यवस्था

रुपे केसीसी कार्ड के जरिए एक दिन में 5 हजार निकाल और 10 हजार रुपए जमा कर सकेंगे जिले के किसान

कार्ड का उपयोग नहीं तो तीन महीने में हो जाएगा ब्लॉक

इसे बैंक की ब्रांच में पहुंचकर आपको एक्टिवेट कराना जरूरी है। तीन महीने तक यदि आप इसका उपयोग नहीं करते, तो अपने आप ही ब्लॉक हो जाएगा। इसके बाद इसे ब्रांच में पहुंचकर पुन: एक्टिवेट कराना होगा। इसमें खास बात यह है कि टेलिफोनिक कोई भी एक्टीवेशन नहीं होगा। इसलिए उपयोगकर्ता को हिदायत दी जा रही कि वे न ही किसी को फोन पर कार्ड नंबर बताएं, न ही उसका पिनकोड। मोबाइल पर आने वाले ओटीपी नंबर के आधार पर ही एक्टीवेशन की प्रक्रिया पूरी होगी। वर्ष 2022 तक के लिए कार्ड को फिलहाल एक्टिवेट किया जा रहा है।

अब सेवा सहकारी समितियों में किसान को ये सुविधाएं मिलेंगी

यह सेवा समितियों में खोले गए बचत व लोन खातों से किसानाें को कैश उपलब्ध कराएंगे। इसके लिए बस किसानों को आवेदन दिया जाना है। इसके बाद बैंक आपको यह कार्ड जारी करेगी। इसमें कार्ड नंबर के साथ पिन कोड होगा। गौरतलब है कि अन्य एटीएम की तरह यह काम करेगा।

जिले में एक लाख से ज्यादा किसानों को मिलेगी राहत

जिला सहकारी बैंक दुर्ग के सीईओ एसके निवसकर ने बताया कि यह किसानों के लिए बेहतर सुविधा है। बालोद सहित बाकी जिले के सभी 182 समितियों में इस डिवाइस को पहुंचा दिया है। करीब 1 लाख किसानों को जोड़ा भी जा चुका है। फोन पर किसी प्रकार की जानकारी किसान से नहीं ले रहे हैं।

रुपे कार्ड मिलने से किसानों को ये फायदे होंगे...

इसके लिए बैंक के तरफ से आपसे कोई भी सर्विस चार्ज नहीं लिया जा रहा। समिति में जाकर सीधे कैश निकाल सकते हैं।

लोन के मामलों में जमा कराने के लिए बैंक या समिति के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी।

मोबाइल पर ही नियमित रूप से खाते के संदर्भ में जानकारी मिलते रहेगी।

पूरा सिस्टम ऑनलाइन होगा, इससे मैनुअली अपडेट की जरूरत नहीं होगी।

पैसे के लिए ब्लॉक या जिला मुख्यालय तक आने की जरूरत नहीं होगी।

अन्य राष्ट्रीयकृत बैंकों में भी इस कार्ड का उपयोग किया जा सकेगा।

खबरें और भी हैं...