- Hindi News
- National
- साइकिल सवार को बचाने में पलट गई बस, 35 यात्रियों को छोड़कर भाग गए चालक कंडक्टर
साइकिल सवार को बचाने में पलट गई बस, 35 यात्रियों को छोड़कर भाग गए चालक-कंडक्टर
सोमवार रात आठ बजे दल्लीराजहरा से राजनांदगांव जा रही शक्ति ट्रेवल्स की बस परसुली पसौद के बीच अनियंत्रित होकर पलट गई। ग्रामीणों के मुताबिक घटना एक साइकिल सवार को बचाने के चक्कर में हुई। घटना के बाद चालक और कंडक्टर दोनों फरार हो गए। बस में करीब 35 यात्री सवार थे। जहां घटना हुई वहां अंधेरा था, इसलिए अंदर फंसे यात्री अपना बचाव नहीं कर पा रहे थे।
बस्ती से दूर होने के कारण ग्रामीणों को भी इसकी खबर देर से हुई। इसी दौरान देवरी थाने की टीआई पदमा जगत व उनकी टीम पेट्रोलिंग के लिए निकली। लोगों की चीख पुकार सुन पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस गाड़ी के हेडलाइट की रोशनी से ही बचाव कार्य शुरू हुआ। सामने का कांच तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला गया। घटना में 10 से ज्यादा यात्री घायल हुए थे। जिनमें से दो को देवरी अस्पताल से राजनांदगांव रेफर किया गया। तीन घायल देवरी में इलाज करा रहे हैं। कुछ यात्री घटना के बाद अपने से दूसरी बस में राजनांदगांव अस्पताल चले गए।
एंबुलेंस की भी नहीं मिल पाई सुविधा: घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए पुलिस ने 108 को फोन किया गया तो बताया गया कि एंबुलेंस अभी बालोद तरफ गई है। वहां से आने में टाइम लगेगा। आनन-फानन में घायलों की जान बचाने के लिए थाने व रक्षा टीम की गाड़ी से ही घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल विष्णु सोनकर और कालूराम चतुर्वेदी को राजनांदगांव के जिला अस्पताल में रेफर किया गया।
ये हुए हैं घायल
विष्णु सोनकर (67) डौंडीलोहारा, कालूराम चतुर्वेदी (42) भंडेरा, आशीष जैन (34) दल्लीराजहरा, काव्या जैन (5) दल्लीराजहरा, मनीषा साहू (21) निवासी देवरी घायल हुए हैं।