सुबह बारिश, दिन में धूप, पहली बार पारा 41 पार
बुधवार को शहर सहित ग्रामीण अंचलों में अलसुबह 4 से 4.35 बजे तक रिमझिम 6 मिमी बारिश हुई। फिर मौसम साफ हो गया। सुबह 9 से दोपहर तक तेज धूप रही। जिले का अधिकतम तापमान बुधवार को अप्रैल में पहली बार 41 डिग्री तक पहुंचा। सुबह से दोपहर तक तेज गर्मी व उमस से लोग परेशान रहे। इस बार द्रोणिका व चक्रवात होने से मौसम परिवर्तन के कारण तापमान 41 के ऊपर नहीं पहुंच पाया था।
अप्रैल के 18 दिन में 11 दिन आसमान में बादल छाए रहने से तापमान बढ़ने के बजाए घटते क्रम पर रहा। बीते 10 साल पर गौर करें तो इन 15 दिनों में ही तापमान 42 से 43 डिग्री के आसपास रहा है। इस लिहाज से पिछले 15 दिन में गर्मी 41 डिग्री से कम ही रही है। 7 से 17 अप्रैल तक तापमान 39 डिग्री या इससे कम रहा। घने बादल और 35 मिमी बारिश से मौसम सुहाना गुजरा है।
अप्रैल में द्रोणिका व चक्रवात के चलते बदला मौसम, पिछले 10 साल में 42-43 डिग्री तक रहा है अप्रैल में पारा
बालोद में अप्रैल के 18 में से 11 दिन बादल छाये रहे
अनुमान : तापमान धीरे-धीरे बढ़ेगा लेकिन गर्मी कम ही रहेगी
मौसम विभाग का अनुमान है कि पिछले सप्ताह मौसम परिवर्तन के असर से अगले दो दिन तक तापमान एक डिग्री बढ़ेगा लेकिन गर्मी कम ही रहेगी। अप्रैल को तेज गर्मी का महीना माना जाता है। इस दौरान तापमान 42-44 डिग्री तक पहुंचता है। लेकिन इस बार ऐसे हालात नहीं बने।
अप्रैल में बदली व बारिश का मौसम ज्यादा दिन पहली बार रहा
लालपुर मौसम केंद्र के निदेशक डाॅ. प्रकाश खरे ने कहा कि अप्रैल में बदली-बारिश का इतना लंबा स्पैल पहले कभी नहीं रहा है। अधिकतम दो-तीन दिन बाद मौसम खुलता है और गर्मी बढ़ जाती है। इस साल 5 अप्रैल के बाद से अब तक लगातार बादल छाए हैं। क्योंकि प्रदेश के दक्षिण और उत्तर, दोनों ही ओर एक के बाद एक सिस्टम बन रहे हैं। उनके असर से यहां काफी नमी (बादल) आ रही है। यही वजह है कि प्रदेश के लगभग सभी हिस्से में अगर दोपहर में तेज धूप निकल रही है तो शाम तक घने बादल आ रहे हैं और बारिश हो रही है।
मध्यप्रदेश में बना सिस्टम अब होने लगा कमजोर, आती रहेगी नमी
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार मध्यप्रदेश के आसपास बना सिस्टम अब कमजोर हो रहा है। हालांकि इसके असर से थोड़ी-बहुत नमी बुधवार तक आती रहेगी। इसलिए हल्के बाद नजर आएंगे। इसकी वजह यह है कि अब भी हवा में 40 फीसदी से ज्यादा नमी है।
पिछले 10 साल में बालोद इतना गर्म रहा अप्रैल में
साल तापमान तारीख
2017 43.0 17
2016 42.0 25
2015 42.4 18
2014 41.8 16
2013 42.6 30
2012 41.4 28
2011 41.2 23
2010 43.2 21
अब बढ़ेगी गर्मी: अब आसपास कोई सिस्टम बनने के आसार नजर नहीं आ रहे हैं। मध्यप्रदेश का सिस्टम कमजोर होते ही नमी आना बंद हो जाएगी। दोपहर की धूप से मौसम गरमा सकता है।