तीन दिन से हो रही बारिश की रफ्तार शनिवार को थमी रही। सुबह 9 से शाम 4.30 बजे तक धूप के तीखे तेवर से लोग परेशान रहे। अधिकतम तापमान 42 डिग्री दर्ज किया। जो शुक्रवार की अपेक्षा तीन डिग्री ज्यादा है। शुक्रवार को सुबह बारिश होने के बाद धूप खिली रही लेकिन तापमान 39 डिग्री पर स्थिर था। शाम को ठंडी हवाएं चली लेकिन रात में तापमान 2 डिग्री बढ़ने से उमस का सामना करना पड़ा।
मौसम विभाग के अनुसार रात में तापमान बढ़ने की वजह द्रोणिका व चक्रवात का कमजोर हो जाना रहा। साथ ही स्थानीय प्रभाव का असर भी नहीं है। इसी का नतीजा रहा कि शनिवार को मौसम साफ रहा। दिनभर तेज धूप के कारण गर्मी व उमस अन्य दिनों की अपेक्षा ज्यादा लगी। मई के 18 दिन गुजर जाने के बाद तेज गर्मी लगी।
उत्तर पश्चिमी विक्षोभ से बदलेगा मौसम का मिजाज : रायपुर के मौसम वैज्ञानिक पोषण देवांगन ने बताया कि उत्तर पश्चिमी विक्षोभ से कभी भी मौसम बदल सकता है। ऐसी स्थिति हर 5-6 दिन के अंतराल में आता ही रहता है। उन्होंने बताया कि अगले सात दिन तक मौसम में उतार-चढ़ाव होगा। इस दौरान तापमान 41-42 डिग्री के आसपास ही रहेगा।
क्या है पश्चिमी विक्षोभ
मौसम वैज्ञानिक देवांगन ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ एक ऊपरी चक्रवात होता है, जो महाद्वीप से तूफान होकर आगे बढ़ता है। इससे कम दबाव का क्षेत्र बनता है। यह अफगानिस्तान से शुरू होता है फिर आर्द्रता मिलने के बाद पाकिस्तान, जम्मू, कश्मीर होते हुए हिमालय की ओर आता है। फिर राजस्थान से होकर प्रदेश में प्रवेश करता है। जिससे मौसम का मिजाज बदल जाता है। पश्चिम से पूर्व तक इसका असर रहता है। उत्तर भारत में बारिश होती है। फरवरी व मार्च से ही पश्चिमी विक्षोभ उत्तर प्रदेश में प्रवेश करता है। इसी के कारण ही तो बर्फ गिरता है।