- Hindi News
- National
- बड़ा खुलासा चोरों ने कहा आए थे 3 मोबाइल चुराने, पर लालच में 30 ले गए पुलिस ने कहा किसी और की शह
बड़ा खुलासा चोरों ने कहा-आए थे 3 मोबाइल चुराने, पर लालच में 30 ले गए पुलिस ने कहा-किसी और की शह
11 मई रात 1:30 से 2:15 बजे के बीच तीन नाबालिग चोरों ने फव्वारा चौक के आहूजा वर्ल्ड से 3.39 लाख के मोबाइल चुराए थे। चोरी हुए मोबाइल में से एक विवो कंपनी के मोबाइल को ट्रेस करते ही तीनों आरोपी पुलिस की पकड़ में आ गए। तीनों की तस्वीर सीसीटीवी फुटेज में कैद थी। सोशल मीडिया में भी इनको वायरल कर दिया गया था। सोमवार रात 2 बजे डौंडी थाना क्षेत्र के सिंघोला, चारामा ब्लाक की सीमा से लगे हुए एक गांव से चोरी हुए एक मोबाइल का लोकेशन साइबर सेल को मिला।
एक आरोपी ने ही मोबाइल चालू करके देखा था। लोकेशन ट्रेस करते रात 3:30 बजे पुलिस उस गांव में पहुंची। चारों तरफ से गांव की घेराबंदी की गई। जहां लोकेशन मिल रहा था, उस घर को तलाशते हुए पुलिस एक आरोपी तक पहुंच गई। पकड़ में आने के बाद उन्होंने अपने दो साथियों का भी नाम बताया। तीनों एक ही गांव के रहने वाले हैं।
एक ही स्कूल में पढ़ने वाले थे:-एक ही स्कूल में इस साल तीनों दसवीं कक्षा में पढ़ने वाले थे। तीनों के घर की तलाशी ली तो तीनों 30 मोबाइल को आपस में 10-10 की संख्या में बांटकर अपने घरों में बैग में छिपाकर रखे हुए थे।
3.39 लाख के 30 मोबाइल चुराने वाले 3 नाबालिग चोर पकड़ में आए, रात 3 बजे एक मोबाइल को ट्रेस करती पहुंची टीम ने तीनों को लिया हिरासत में
ग्राहक भी ढूंढा
मोबाइल चुराने के बाद गांव लौटते ही तीनों आरोपियों ने सभी के पैकेट निकालकर तालाब के पास जला दिया था। तीनों उन्हें बेचने के लिए ग्राहक की भी तलाश कर रहे थे। एक मोबाइल को चालू करते ही लोकेशन ट्रेस हुआ और पकड़े गए।
किसी को पता न चले इसलिए मोबाइल के पैकेट जलाए
लैपटॉप के बहाने आए थे
तीनों बालोद के अरिहंत कंप्यूटर दुकान में लैपटॉप बनवाने के लिए 10 मई को दोपहर 2 बजे आए थे। पहले उनकी प्लानिंग उसी दुकान में चाेरी की थी। रात को 1:30 बजे के पहले तीनों बाइक से सरदार पटेल मैदान पहुंचे। वहां बाइक छिपाकर पैदल अरिहंत दुकान पहुंचे। पास में ही एक दुकान देखी तो वहां चोरी का प्रयास करने लगे जब बोर्ड देखा तो समझ आया कि यह मोबाइल नहीं बल्कि मिठाई दुकान है। फिर पड़ोसी दुकान आहूजा वर्ल्ड में घुस गए।
कैमरे लगे हैं इसकी नहीं थी खबर: चोरी करते समय उन्हें इस बात की खबर ही नहीं थी कि भीतर कैमरा है। बाद में नजर पड़ी तो ताले से तोड़ने का प्रयास किया। फुटेज में एक के टी-शर्ट पर चारामा लिखा था। पुलिस जांच में पता चला कि टीशर्ट आरोपी के दोस्ता का है जो उसने पहनने के लिए मांगा था।
चौथा आरोपी भी हो सकता है: एसपी आईके एलेसेला ने कहा कि मामले में चौथा आरोपी भी हो सकता है ऐसी आशंका है कि बच्चों से किसी ने चोरी कराई है तीनों से 30 मोबाइल, दो फैंसी घड़ी, पर्स, एक होम थिएटर भी बरामद हुआ।
आरोपियों के पिता बोले- मुझे कहते तो कर्ज लेकर मोबाइल दिला देता
तीनों बच्चे न ही आदतन चोर है न ही शरारती। लेकिन एंड्राइड मोबाइल चलाने के शौक ने उन्हें चोर बना दिया। तीनों के पिता रोजी मजदूरी करते हैं। उन्होंने कहा कि हमें पता ही नहीं था कि तीनों कब बालोद गए और कहां से मोबाइल चुरा लाए थे। रात 3:30 बजे जब पुलिस ने उनका दरवाजा खटखटाया तो घबरा गए। एक बार बेटा कह देता पापा मुझे मोबाइल चाहिए तो मैं कहीं से भी कर्ज से मोबाइल खरीद लाता।