- Hindi News
- National
- जिला अस्पताल को नई सोनोग्राफी मशीन, टेंडर हुआ, अब महिला रोगियों के बचेंगे 500 रुपए
जिला अस्पताल को नई सोनोग्राफी मशीन, टेंडर हुआ, अब महिला रोगियों के बचेंगे 500 रुपए
जिला अस्पताल प्रबंधन नई सोनोग्राफी मशीन खरीदेगा। इसके लिए टेंडर हो चुका है। संबंधित एजेंसी 15 दिन के भीतर 6.49 लाख की सोनोग्राफी मशीन खरीदकर सप्लाई करेगी। फिर अगले महीने से लोगों को इसका लाभ मिलने लगेगा।
कई महीने से खासकर महिलाओं को सोनोग्राफी करवाने के लिए निजी अस्पताल का सहारा लेना पड़ता है। जहां उन्हें 600 से 700 खर्च करने पड़ते हैं। अब सरकारी अस्पताल में ही यह सुविधा मिलने से उनके पैसे बच जाएंगे। यहां सिर्फ 100 से 200 रुपए तक ही शुल्क लगेगा। चेकअप के लिए आने वाली गर्भवतियों को भटकना नहीं पड़ेगा। महिला डॉक्टरों के जरिए गर्भवती चेकअप तो करवा लेती है। लेकिन गर्भ में बच्चे की सुरक्षा के लिहाज से जांच के लिए उन्हें सोनोग्राफी कराने के लिए जिला अस्पताल से करीब 2 किमी दूर निजी अस्पतालों में जाना पड़ता है। इससे उन्हें आने जाने में बहुत दिक्कत होती है। ग्रामीण क्षेत्र के किसी भी सरकारी अस्पताल में सोनोग्राफी की सुविधा नहीं होने के कारण जिले भर से महिलाएं बालोद आती है। अब अस्पताल में ही सोनोग्राफी मशीन उपलब्ध होने से उनका वहीं पर चेकअप और सोनोग्राफी रिपोर्ट मिल जाएगी। यह एक बड़ी राहत होगी। जीवनदीप समिति की बैठक में कलेक्टर डॉ सारांश मित्तर ने विभाग को सोनोग्राफी मशीन खरीदने के लिए निर्देशित किया था। पूर्व में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के तहत जो मशीन उपलब्ध थी, वह कुछ सालों तक चली और खराब होने के बाद दोबारा बनवाने की स्थिति में नहीं रही।
6.49 लाख से खरीद रहे
एसडीएम हरेश कुमार मंडावी ने कहा कि टेंडर की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। लगभग 15 दिन में संबंधित एजेंसी सोनोग्राफी मशीन प्रबंधन को उपलब्ध कराएगी। मशीन की कीमत 6.49 लाख है। जिसका विधिवत उद्घाटन कर लोगों की सुविधा के लिए समर्पित किया जाएगा।