शहर सहित जिलेभर में संचालित हो रहे एसबीआई ब्रांच में लोगों को फ्राड से रोकने जागरूक किया जा रहा है। इसके लिए बैनर, पोस्टर के जरिए अलर्ट किया जा रहा है कि आपका एटीएम डि-एक्टिवेट यानि बंद और एक्टिवेट यानि चालू हो जाएगा। इसके लिए बस आपको एक एसएमएस करना होगा। अपनी इच्छानुसार एटीएम कार्ड को जब चाहे चालू करा सकते है और जब चाहे बंद करा सकते है। डेबिट कार्ड फ्रॉड रोकने व सुरक्षा की दृष्टि से स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ने यह सुविधा कार्डधारकों को दी है। लेकिन अधिकांश लोगों को इस संबंध मंे जानकारी ही नहीं है। बैंक प्रबंधन की ओर से लोगों को बताया जा रहा है कि आप अपने पैसे कैसे सुरक्षित रख सकते है।
यह सुविधा आप घर बैठे पा सकते है- अब कोई भी एसबीआई का एटीएम कार्ड धारक एक एसएमएस या मिस्ड कॉल से अपना कार्ड ई-कॉमर्स वेबसाइट्स, एटीएम, POS जैसे प्लेटफॉर्म या लोकेशन से एक्टिवेट या डि-एक्टिवेट करवा सकता है। यह सुविधा बालोद जिले के हितग्राहियों को भी मिलेगी। इसके लिए बैंक में जाकर या घर बैठे जरूरी प्रक्रियाओं को पूरा करना होगा।
इसलिए शुरू की गई सुविधा
आजकल डेबिट कार्ड फ्रॉड की शिकायतें बढ़ गई हैं। फ्रॉड करने वाले खुद को बैंक कर्मचारी या अधिकारी बताकर कस्टमर से पिन नंबर या कार्ड की डिटेल पूछ लेते हैं। एटीएम स्किमिंग भी फ्रॉड का तरीका है। इसलिए बैंक ने एसबीआई क्विक: एसएमएस एंड मिस्ड काल बैंकिंग नाम से यह सुविधा शुरू की है। जो हितग्राहियों के हित में है। इसके माध्यम से फ्राड की शिकायतें नहीं रहेगी। पहले से एटीएम व बैंक खाताधारकों को अनजाने नंबर से आ रहे काँल से सावधान होने के लिए जागरूक किया जा रहा है। इसके बाद भी कई ऐसे होते है, जो जानकारी के अभाव में अपना पर्सनल जानकारियों को बता देते है। वहीं आज भी देखने को मिलता है कि कई एटीएम कार्डधारी ऐसे भी है जिसको एटीएम से पैसा निकालने का सिस्टम मालूम नहीं है। ऐसे लोग एटीएम के आसपास मौजूद लोगों से सहायता मांगते है।
कार्ड के साथ पैसे भी सुरक्षित रहेंगे
नए सिस्टम के माध्यम से एटीएम कार्ड के साथ पैसे भी सुरक्षित रहेंगे। बैंक अफसर भी स्वीकार कर रहे है कि वर्तमान में अधिकांश लोगों को नए सिस्टम के बारे में जानकारी नहीं है। ऐसे में एटीएम का उपयोग सिर्फ पैसा निकालने के लिए कर रहे है।
इस प्रकार किया जाएगा एक्टिवेट या डि-एक्टिवेट
इसके लिए बैंक ने 09223966666 नंबर जारी किया है। जैसे एसएमएस करने के लिए पहले SWON लिखना होगा। उसके बाद जिस लोकेशन या प्लेटफॉर्म से डि-एक्टिवेट करना हो, फिर एटीएम के आखिरी चार नंबर और लास्ट में डि-एक्टिवेट लिखकर 09223966666 नंबर पर एसएमएस करना होगा। आपका डेबिट कार्ड उस लोकेशन से तुरंत डि-एक्टिवेट हो जाएगा। इस तरह डि-एक्टिवेट और एक्टिवेट कर सकते हैं।
रहें सतर्क, एटीएम का पिन नंबर किसी को भी न दें
फ्रॉड से बचने के लिए कार्डधारकों को भी सतर्कता बरतनी होगी। उन्हें अपने एटीएम का पिन नंबर किसी को नहीं बताना चाहिए, भले ही वह बैंक कर्मचारी हो। एटीएम पर कार्ड इस्तेमाल करते समय पिन नंबर डालते समय ध्यानन रखें कि कोई देख न रहा हो। अपना कार्ड किसी से शेयर न करें।