प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बालोद शहर में पहले चरण में 150 मकान बनाने का लक्ष्य शासन ने नपा को दिया है लेकिन 16 जगह ही मकान बनाने का काम पूरा हो पाया है। अफसर अपना तर्क दे रहे है कि नामांतरण के चलते मामला अटका हुआ है। इसलिए अधिकांश जगहों में मकान नहीं बना पा रहे है।
कम मकान निर्माण होने पर रायपुर के अफसरों ने नपा के इंजीनियरों व अफसरों को निर्देश दिए है कि तहसीलदार व एसडीएम से मिलकर समस्या का निराकरण करें, नहीं तो कभी लक्ष्य पूरा नहीं हो पाएगा। नपा के अनुसार 182 पात्र हितग्राही ऐसे है, जो नामांतरण के चलते मकान नहीं बनवा पा रहे है। नपा की ओर से शासन को कुल तीन बार डीपीआर भेजा जा चुका है। जिसके आधार पर हितग्राहियों को पात्र तो किए गए है लेकिन जमीन दूसरे के नाम पर है यानि पुश्तैनी व शासकीय जमीन होने के चलते मामला अटका हुआ है। वर्तमान में बालोद शहर में 71 जगह मकान बनाने का काम चल रहा है। अगर यह काम पूरा भी हो जाता है तो लक्ष्य अधूरा रहेगा।
केवल 16 स्थानों पर ही मकान का काम पूरा
बालोद. शहर के आमापारा वार्ड में मकान बनाने का काम चल रहा है।
मकान बनाने शासन से मांग ली सहमति
वर्तमान स्थिति में पहले चरण के तहत 150 मकान बनाने का लक्ष्य नगर पालिका पूरा नहीं पाई है। इसलिए दिल्ली की एजेंसी ने खुद सर्वे कर 53 लोगों को पात्र कर मकान बनाने की अनुमति शासन से मांगी है। अफसरों का कहना है कि पात्र हितग्राहियों का चयन कोई भी करें, मकान बनना चाहिए।
बैठकों में सिर्फ निर्देश दे रहे
दो दिन पहले रायपुर में बैठक हुई थी। जिसमें राज्य शहरी विकास अभिकरण के डायरेक्टर द्वारा प्रस्ताव की समीक्षा के बाद एडिशनल डायरेक्टर अभिनव अग्रवाल ने नपा इंजीनियरों को निर्देश दिए हैं कि तहसीलदार व एसडीएम से मिलकर मामले का निराकरण जल्द करें। वहीं स्थानीय अफसरों का कहना है कि राजस्व विभाग की ओर से कार्रवाई जल्दी नहीं की जा रही है। इसलिए मामला अटका हुआ है। बैठकों में उच्च अफसर स्थानीय अफसर को निर्देश देते जा रहे है और हो कुछ नहीं रहा है। हर दो माह में कार्यों की समीक्षा करने रायपुर में बैठक का आयोजन होता है।
तीन चरणों में भेजे डीपीआर के अनुसार कितने मकान बनाने की सहमति और अभी क्या स्थिति
प्रथम चरण
भेजे गए: 150 मकान बनाने हितग्राहियों की संपूर्ण जानकारी
नए नियम में पात्र- 64 हितग्राही
नामांतरण के चलते मकान निर्माण कार्य शुरू नहीं: 46
अभी स्थिति: 40 जगह काम जारी
काम पूरा: 16
द्वितीय चरण
भेजे गए: 180 मकान बनाने हितग्राहियों की संपूर्ण जानकारी
स्वीकृत यानि पात्र: 134 हितग्राही
नामांतरण के चलते मकान निर्माण कार्य शुरू नहीं: 114
अभी स्थिति: 20 जगह काम चल रहा
काम पूरा: 0
सीएमओ बोले- इंजीनियर से ले रहा हूं जानकारी
नपा सीएमओ रोहित साहू का कहना है कि पीएम आवास योजना को लेकर अभी क्या स्थिति है,इसकी जानकारी इंजीनियर से ले रहा हूूं। योजना के तहत पात्र लोगों का मकान जल्द बनें, इसके लिए हम अपने स्तर पर जरुरी कार्रवाई कर रहे है। कहां दिक्कत आ रही है, इसकी जानकारी लेकर निराकरण का प्रयास करेंगे।
तृतीय चरण
भेजे गए: 47 मकान बनाने हितग्राहियों की संपूर्ण जानकारी
स्वीकृत यानि पात्र: 25 हितग्राही
नामांतरण के चलते मकान निर्माण कार्य शुरू नहीं: 22
अभी स्थिति: 11 जगह काम जारी
काम पूरा: 0