केबल खराब होने से 5 गांवों में ब्लैकआउट
द्रोणिका व चक्रवात का असर शनिवार शाम से रात दो बजे तक शहर व गांवों में बरकरार रहा। इसके असर से अंधड़ बारिश थमने के बाद तेज हवाएं के साथ ही गरज-चमक हुई। इससे बालोद-बघमरा रुट पर रेलवे क्राॅसिंग के पास अंडरग्राउंड केबल बस्ट हो गया। जिसके कारण शहर से लगे पांच गांवों में ब्लैकआउट की स्थिति रही।
शनिवार शाम 7 से रविवार दोपहर 1.30 बजे तक बालोद डिविजन अंतर्गत बघमरा, मेड़की, ओरमा, खरथुली, भोथली में बिजली बंद रही। इन गांव के सभी घरों में लोगों की रातें चिमनी के सहारे गुजरी। फिर सुबह पानी के लिए हैंडपंप में लोग पहुंचते रहे। निस्तारी के लिए तालाबों का सहारा लिया। बालोद शहर के कई वार्डों में बिजली बंद, चालू होती रही। बिजली कंपनी के कर्मचारी ट्रांसफार्मर व तार को चेक करते नजर आए। सोमवार, मंगलवार व बुधवार को मौसम साफ रहेगा।
बेमौसम बारिश की मार
तापमान 2 डिग्री बढ़ा मौसम हुआ साफ
पिछले दो दिन से मौसम में उतार-चढ़ाव व बारिश होेन के बाद रविवार को मौसम साफ हुआ। जिसके कारण शनिवार की अपेक्षा रविवार को तापमान दो डिग्री ज्यादा रहा। अधिकतम तापमान 39 डिग्री दर्ज किया।
... इसलिए बदला मौसम
मौसम विभाग रायपुर के उमेश पांडेय ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मध्यप्रदेश और आसपास ऊपरी हवा में एक चक्रवात बना हुआ है। साथ ही तेलंगाना से दक्षिण भारत, सिक्किम से उत्तरी उड़ीसा तक पूर्वी बिहार व झारखंड होकर एक द्रोणिका बनी हुई है। इसके प्रभाव से नमी है।
अब व्यवस्था सुधर गई है
जेई एचके यादव ने बताया कि केबल बस्ट होने से पांच गांवों में रातभर बिजली सप्लाई प्रभावित रही। रविवार दोपहर व्यवस्था सुधर गई है, अब सभी गांवों में बिजली सप्लाई हो रही है।