महिलाओं को आर्थिक रूप से सबल बनाने पर दिया गया जोर
बलौदाबाजार भाटापारा जिले को अपराध मुक्त, नशामुक्त समाज निर्माण के साथ आर्थिक रूप मजबूतीकरण करने के लिए पुलिस विभाग ने पहल की। इसके तहत 15 अप्रैल को ग्राम लटुवा के नायक टॉड़ में पुलिस विभाग एवं महिला पुलिस मित्र ने हमर संगवारी हमर पुलिस कार्यक्रम आयोजित किया।
कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए पुलिस अधीक्षक आरएन दाश ने कहा कि अगर नारी शक्ति अपनी शक्ति के उपयोग से घर को स्वर्ग बना सकती है तो नर्क के द्वार तक ले जाने में कोई दिशा दशा निर्धारित कर सकती है। नारी समाज की जन्मदात्री होने के साथ निर्माण कर्ता भी है। पुरुष प्रधान समाज में नारी की सहभागिता का होना आज के परिवेश में अति आवश्यक है। जिस प्रकार जिले अपराध मुक्त, नशामुक्त समाज के निर्माण करने के लिए मशाल लेकर महिला कमांडो चल रही हैं। उसमें यदि आर्थिक मजबूती हो जाए तो समाज के लिए बहुत अच्छा संदेश होगा। महिलाओं की आत्मनिर्भरता के लिए विभिन्न विभाग से अधिकारियों को विभिन्न प्रकार के व्यापार, व्यवसाय, रोजगार आजीविका के लिए मार्गदर्शन देने निर्देश दिए गए हैं। एसपी ने महिलाओं के लिए 50 उत्पाद आधारित उद्यमिता विकास पर भी प्रकाश डाला। अधिकारियों ने अपने-अपने विभाग की योजनाओं एवं उनकी पात्रता एवं बैंक संबंधी प्रशासन की ओर से मिलने वाली सुविधाओं पर चर्चा की। उनके दिशा निर्देश पर कई महिला कमांडो ने व्यवसाय का चुनाव किया। महिला एवं बाल विकास अंतर्गत सखी वन स्टाप सेंटर संचालिका तूलिका परगनिया ने महिलाओं बच्चों से संबंधित होने वाले अपराधों के बारे में चर्चा कर इसके प्रति सचेत रहने को कहा।
बलौदा बाजार. नायक टॉड़ में आयोिजत कार्यक्रम में मौजूद महिलाएं व बच्चे।
साइबर अपराध की जानकारी दे सचेत किया
सिटी कोतवाली के थाना प्रभारी राम अवतार ध्रुव ने साइबर अपराध, बैंक, एटीएम फ्रॉड, चिटफंड पूंजी निवेश, इंश्योरेंस कंपनियों का झांसा, इनामी योजना के संबंध में तथा बच्चों द्वारा नशीले पदार्थों के सेवन पर चर्चा की तथा इससे सतर्क रहने की सलाह दी।