पत्थलगड़ी के समर्थन में रैली निकाली, 65 ने दी गिरफ्तारी
बलौदाबाजार। जिले के आदिवासी समाज ने पत्थलगड़ी के समर्थन में मंगलवार को जेल भरो आंदोलन का आयोजन दशहरा मैदान में किया। करीब 250 -300 लोगों ने दोपहर 12 बजे अंबेडकर चौक पर उपस्थित होकर शहर में रैली निकाली। इसके बाद दशहरा मैदान में तंबू लगाकर धरने पर बैठ गए और रमन सरकार मुर्दाबाद के नारे लगाए। इस दौरान 65 आदिवासियों ने गिरफ्तारी दी, जिसमें इसमें 15 महिलाएं, 50 पुरुष हैं। गिरफ्तार लोगों को अस्थायी जेल में नगर भवन में रखा गया। तत्पश्चात मुचलके पर छोड़ दिया गया।
दशहरा मैदान में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए सर्व आदिवासी समाज के अध्यक्ष तिरिथ राम मरकाम ने बताया कि सर्व आदिवासी समाज छत्तीसगढ़ द्वारा प्रदेश स्तरीय आंदोलन के तहत जिला मुख्यालय में जेल भरो आंदोलन रखा गया है। पत्थलगड़ी के समर्थन में आदिवासियों को संवैधानिक समर्थन दे रहे हैं, समर्थन में गिरफ्तार जशपुर, मैनपुर, कोरबा के 52 आदिवासियों की निशर्त रिहाई, 21 फरवरी को 19 बिंदुओं की मांग को शीघ्र पूरा करने, पत्थलगड़ी की संवैधानिक शिलालेख में छेड़छाड़ करने वालों पर एफआईआर दर्ज करने के समर्थन में 65 आदिवासियों ने गिरफ्तारी दी है। आदिवासी समाज ने राज्यपाल के नाम ज्ञापन कसडोल, लवन के तहसीलदार शंकर लाल सिंह को सौंपा है। इस मौके पर तिरिथ राम मरकाम, चंद्रकांत यदु, वासु यदु, भुपेंद्र सेन, विजय सोनवानी, आजाद सिंह, मोहित मरकाम, ढाल सिंग, पुनाराम मंडावी, नर्सिंग ध्रुव, राकेश नेताम, नंद कुमार नेताम के अलावा बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के लोग उपस्थित थे।
बलौदाबाजार. दशहरा मैदान से जिले के आदिवासी समाज ने रैली निकाली।