तालाब की जलकुंभी हटाने जल आंदोलन
लवन. नगर के बूढ़ा तालाब में जल आंदोलन करते वार्डवासी और कांग्रेसी।
लवन| नगर के वार्ड- 8 व 9 स्थित बूढ़ा तालाब में कुछ दिन पहले नहर नाली से निस्तार के लिए पानी भरा गया था, लेकिन तालाब में जलकुंभी से वार्डवासियों को निस्तार में भारी कठिनाई हो रही है। इसे देखते हुए मंगलवार को वार्डवासियों ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बूढ़ा तालाब में जल आंदोलन किया।
इस बीच फोन से बलौदा बाजार एसडीएम को जानकारी दी गई। उन्होंने नायब तहसीलदार शंकरलाल सिन्हा को आंदोलन कर रहे लोगों के पास भेजा। वार्ड वासियों ने बताया कि जलकुंभी से तालाब पूरी तरह ढका है, जिसे तत्काल निकाला जाए। इस पर नायब तहसीलदार ने नगर पंचायत के मुख्य नगरपालिका अधिकारी टीआर चौहान को फोन से सूचित किया। नपं सीएमओ ने कुछ सफाई कर्मचारियों को भेजकर तालाब से जलकुंभी को निकालने का काम शुरू करवाया। वार्डवासियों और कांग्रेसियों ने कहा कि बूढ़ा तालाब में जलकुंभी इतनी ज्यादा हो गई है, जिसे निकालने में लंबा समय लग सकता है। पर्याप्त मजदूरों को लगाकर जलकुंभी निकाली जाए। इस मौके पर अमर मिश्रा, अनुराग पांडे, चुन्नीलाल जायसवाल, लाला लोधी, रोशन जायसवाल, बिसोहा जायसवाल, जीतू साहू, सतीश जायसवाल, बिहारी साहू एवं वार्डवासी शामिल रहे।