बलौदाबाजार| नगर में पखवाड़ेभर के भीतर चोरी की दर्जनों शिकायत मिली, पर पुलिस द्वारा चोरों को गिरफ्तार करने में नाकाम रहने से लोगों ने नाराजगी जताई। फलस्वरूप गुरुवार की शाम पुलिस टीम ने नगर के भैंसापसरा स्थित देवार डेरा में दबिश देकर भारी मात्रा में चोरी का सामान बरामद कर 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गौरतलब है कि कुछ दिन पूर्व अंबुजा कॉलोनी में एक ही रात तीन-चार घरों में चोरी के अलावा मंडी मार्ग स्थित परेश अग्रवाल के गोदाम का ताला तोड़कर कंप्रेसर मशीन सहित चिल्हर सामान चोरी की शिकायत सिटी कोतवाली में दर्ज कराई गई थी। इसके अलावा रिसदा मार्ग स्थित सरकारी शराब दुकान में शराब खरीदने पहुंचे ग्राहकों के मोबाइल चोरी होने की भी रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। वहीं दो दिन पूर्व नगर में तीन दुकानों का ताला तोड़कर लाखों रुपए का सामान चोरी होने की घटना को गंभीरता से लेते हुए एसपी आरएन दाश ने चोरों को पकड़ने के लिए पुलिस की विशेष टीम गठित कर जिम्मेदारी दी थी।
टीम ने भैंसापसरा स्थित देवार डेरा में छापामार कर चोरी कर रखे गए दर्जनभर से अधिक मोबाइल, डीवीडी, कपड़े बरामद किए। इस मामले में दो आरोपियों कबीर देवार, नवीन देवार को गिरफ्तार किया गया। वहीं चार अन्य के भागने पर शीघ्र पकड़ने का दावा किया गया है। वहीं चोरी का सामान खरीदकर बाजार में खपाने वाले आरोपी दो युवकों विजय घृतलहरे तथा धनेश निषाद को भी गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। वहीं चोरी की बढ़ती वारदात पर चिंता जताते हुए एसपी ने कहा है कि चोरी के मामलो में लिप्त लोगों की तलाश कर धरपकड़ की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
चोरी के सामान के साथ बैठे चोर।