बलौदा बाजार/लवनबन| ग्राम पंचायत सुढ़ेला में मनरेगा के तहत जारी तालाब गहरीकरण के मस्टर रोल तथा भुगतान में अनियमितता की शिकायत ग्रामवासियों ने की है। दीनानाथ, राजकुमार, कृपाल सिंह पैकरा, गोपी लाल, गंगा राम, इंद्रकुमार, गुनीतराम, पुसउराम चेलक, ईश्वर पैकरा, महा सिंग पैकरा आदि ने जपं सीईओ एवं कलेक्टर को सौंपे आवेदन में बताया कि मस्टर रोल में ऐसे ग्रामवासियों के नाम दर्ज किए गए हैं, जो कई महीने से अन्य प्रांत गए हुए हैं। इसके अलावा मस्टर रोल में मजदूरों को 172 रुपए भुगतान करना बताया गया है। जबकि मनरेगा में मजदूरी कार्य करने वाले किसी श्रमिकों के खातों में 120 रुपए तो किसी में 100 रुपए तथा किसी में 111 रुपए की दर से भुगतान किया गया है। रोजगार सहायक एवं सरपंच पर मनमानी का आरोप लगाते हुए कहा कि जो श्रमिक काम कर रहे हैं, उनमें से कुछ के नाम मस्टर रोल में दर्ज नहीं हैं।