पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • न्याय आपके द्वार शिविर में बंटवारा में पचपदरा व राजस्व मामलों मंे एसडीआे बालोतरा प्रदेश में अव्वल

न्याय आपके द्वार शिविर में बंटवारा में पचपदरा व राजस्व मामलों मंे एसडीआे बालोतरा प्रदेश में अव्वल

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
राज्य भर में 1 मई से शुरू हुई राजस्व लोक अदालत (न्याय आपके द्वार शिविर) में अब तक 26 गांवांे में आयोजित हुए शिविरों में प्रकरणों के निस्तारण में उपखंड बालोतरा व पचपदरा तहसील प्रदेश में नंबर 1 पर है। 18 मई तक आयोजित हुए इन शिविरों में पचपदरा तहसील 322 बंटवारा व एसडीओ बालोतरा कार्यालय 394 प्रकरणों के निस्तारण के साथ प्रदेश में अव्वल है। सरकार की गांवों में लोक अदालत लगाकर फायदा पहुंचाने की इस मंशा में अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों के साथ वॉलेंटियर अधिवक्ताओं का भी खासा सहयोग मिल रहा है। इसके चलते ही न्याय आपके द्वार शिविर में एक ओर जहां एक की जाजम पर दोनों पक्षों को बिठाकर राजस्व प्रकरणों का निस्तारण किया जा रहा है तो साथ ही वर्षों से चल रहे आपसी मनमुटाव खत्म होने से लोगों का सामूहिक व पारिवारिक रिश्ते भी पुन: स्थापित हो रहे है। प्रदेश में अब तक पोर्टल पर अपलोड हुए प्रकरणों में अव्वल रहने पर एसडीएम भागीरथराम चौधरी व तहसीलदार सुरेंद्र कुमार ने इसके लिए राजस्व की पूरी टीम का आभार जताया। उल्लेखनीय है कि कृषि भूमि में आपसी विवाद, हक-तर्क, वसीयत, बंटवारा, गलत दुरुस्ती करण सहित अन्य विवाद के चलते न्यायालय में पहुंचने वाले अधिकांश प्रकरणों का कई वर्षों तो दशकों तक निस्तारण नहीं हो पाता है। इसमें कई ऐसे मामले भी होते है, जिसमें पक्षकारान की मौत होने पर उनके वारिसान न्यायालयों के चक्कर लगाते रहते थे। इसमें समय के साथ आर्थिक नुकसान भी झेलना पड़ता है। ऐसे प्रकरणों का निस्तारण एक ही स्थान पर एक ही समय में करने को लेकर सरकार ने लोक अदालतों का आयोजन शुरू किया। इसके तहत न्याय आपके द्वार शिविर आयोजित कर प्रत्येक ग्राम पंचायत में प्रशासन, राजस्व विभाग तथा अन्य विभागीय अधिकारियों के मौजूद रहने पर प्रकरणों का निस्तारण हाथोहाथ किया जा रहा है। इससे ग्रामीणों को अच्छी राहत मिल रही है।

प्रदेश में अव्वल बालोतरा एसडीओ

राजस्व विभाग के नियमानुसार न्याय आपके द्वार शिविर में निस्तारित होने वाले प्रकरणों काे हाथोहाथ आरसीएमएस पोर्टल पर डालना होता है। अब तक हुए शिविरों में एसडीओ बालोतरा में 394 प्रकरण व पचपदरा तहसील मंे 322 बंटवारा के प्रकरणों का निस्तारण हुआ है। पोर्टल पर अब तक अपलोड जानकारी के अनुसार प्रकरणों के निस्तारण मामले में एसडीओ बालोतरा व पचपदरा प्रदेश में अव्वल है। शिविरों में सह खातेदार, बंटवाड़ा, घोषणा दावा, खातेदारी में नाम वंचित, गलत दुरुस्ती करण, पारिवारिक कृषि भूमि का सहमति से विभाजन कर प्रकरण निपटाए गए है।

राजस्व के साथ सुलझ रहे सामाजिक व पारिवारिक मुद्दे

कृषि व खातेदारी भूमि में छोटे-मोटे विवाद के चलते अदालतों में पहुंचे मामलों के बाद सगे भाईयों, बहिनों, रिश्तेदारों व पड़ोसियों मंे आपसी मनमुटाव की स्थिति पैदा हो जाती है। कई ऐसे भी मामले सामने आए हैं, जिसमें जमीनी विवाद ने भाईयों-बहिनों व परिवारजनों के रिश्तों में इस कदर दरार पैदा कर दी कि वर्षों तक एक-दूसरे के घर आना-जाना बंद हाे गया। वहीं शिविरों मंे पक्षकारों को एक ही जाजम पर बिठाकर अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों ने थोड़ी सी मेहनत कर समझाइश की तो रिश्ते फिर से कायम हो गए। इसका उदाहरण समीपवर्ती गोल स्टेशन व सोढ़ों की ढाणी का है। जहां अपने पिता की जमीन में हिस्सेदारी को लेकर बहिन ने बंटवाड़ा का दावा पेश किया तो दो भाईयों व बहिन के रिश्ते में दरार पड़ गई और एक-दूसरे से बोलचाल व आना-जाना बंद हो गया। शिविर में जब तीनों भाईयों-बहिनों को एक ही जाजम पर बैठाकर प्रकरण का निस्तारण कर समझाइश की तो विवाद सुलझने के साथ फिर से वहीं रिश्तेदारी कायम हो गई। इसके साथ ही ग्राम पंचायत गंगावास जैताराम के खातेदारी खेत का 60 साल बाद बंटवाड़ा हुआ। 53 सहखातेदारों को एक ही जगह पर बंटवाड़ा कर दस्तावेज सुपुर्द किए गए।

26 शिविर आयोजित, सैकड़ों प्रकरणों का निस्तारण

पंचायत समिति बालोतरा, पाटोदी व कल्याणपुर की ग्राम पंचायतों मंे 1 मई से राजस्व लोक अदालत-न्याय आपके द्वार शिविर का आयोजन किया जा रहा है। 18 मई तक 26 गांवों में शिविर का आयोजन किया गया है। इसमें वर्षों से लंबित राजस्व सहित अन्य सैकड़ों प्रकरणों का आपसी समझाइश के बाद हाथोहाथ निस्तारण किया जा रहा है।

इन प्रकरणों का निस्तारण

लोक अदालतों में एसडीओ कार्यालय बालोतरा में 102 पुराने व 293 नए कुल 395 प्रकरणों का निस्तारण हुआ है। इसमें घोषणा, खातेदारी के 15, दावा हक-तर्क के 41, म्यूटेशन अपील 24, रास्ता 14, पत्थरगढ़ी 9, नाम शुद्धिकरण के 273 सहित 19 अन्य राजस्व प्रकरणों का निस्तारण किया गया है।

शिविरों में पक्षकारों को एक ही जाजम पर बिठा व समझाइश कर प्रकरणों का निस्तारण करवाया जा रहा है। समझाइश पर कई लोग सहमत होकर विवाद सुलझाने में आगे भी आ रहे है। अब तक पोर्टल पर अपलोड हुए प्रकरणों में पचपदरा तहसील व एसडीओ बालोतरा कार्यालय प्रदेश में अव्वल है। टीम के सभी सदस्यों की भरसक मेहनत व सहयोग से यह संभव हो रहा है, कोशिश है कि शिविरों में अधिकाधिक प्रकरण निस्तारित किए जाए। - भागीरथराम चौधरी, एसडीएम बालोतरा

आरसीएमएस पोर्टल से यह मिल रही सुविधा

राजस्व विभाग के आरसीएमएस पोर्टल से काश्तकारों व ग्रामीणों को अच्छी सुविधा मिल रही है। नियमानुसार राजस्व संबंधी दर्ज होने वाले सभी प्रकरणों को पोर्टल पर अपलोड किया जाता है, इसके साथ निस्तारण होने पर इसकी जानकारी भी हाथोहाथ पोर्टल पर डाली जाती है, ताकि मामलों का निस्तारण होने के बाद संबंधित पक्षकार पोर्टल खोलकर निर्णय की कॉपी प्राप्त कर सकता है। पोर्टल से कहीं भी बैठे निर्णय की प्रति प्राप्त होने से पक्षकारों को कार्यालयों के चक्कर लगाने से निजात मिल रही है।

खबरें और भी हैं...