बालोतरा (आंचलिक) | राजस्थान पंचायतीराज सेवा परिषद जयपुर के प्रदेश व्यापी आंदोलन (पंचम चरण) के तहत पंचायत समिति मुख्यालय पर सोमवार को पंचायत राज सेवा परिषद् उप शाखा के बैनर तले तीनों संवर्गो विकास अधिकारी, पंचायत प्रसार अधिकारी व ग्राम विकास अधिकारियों की सामूहिक बैठक का आयोजन किया गया। विकास अधिकारी सांवलाराम चौधरी ने कहा कि राज.पंचायतीराज सेवा परिषद के आह्वान पर तीनों संवर्गो द्वारा 21 मई से 23 मई तक सामूहिक अवकाश पर रहने का निर्णय लिया गया। चौधरी ने बताया कि 24 जून 2017 को राज्य सरकार के मंत्री राजेन्द्र राठौड़ के समक्ष हुए लिखित समझौते पर राज्य सरकार ने आज तक सकारात्मक निर्णय नहीं लिया है। पंचायत प्रसार अधिकारी कानसिंह भाटी ने संगठन की प्रमुख मांगों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि समय रहते हमारी मांगों का निदान नहीं किए जाने की स्थिति में आंदोलन को अधिक गति प्रदान कर राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का बहिष्कार किया जाएगा। बैठक में ें पंचायत प्रसार अधिकारी संघ अध्यक्ष तुलसाराम चौधरी, ग्राम विकास अधिकारी संघ अध्यक्ष लक्ष्मण सुथार, सहित अन्य लोग मौजूद थे।