शनि जयंती पर निकाली शोभायात्रा, मंदिर शिखर पर किया ध्वजारोहण
भास्कर संवाददाता | बालोतरा (आंचलिक)
हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी शनि जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। सिर पर कलश लिए सैकड़ों कन्याएं, झांकियां तथा भजन मंडली के साथ भक्तों की जयघोष से वातावरण धर्ममय बन गया। शोभायात्रा का जगह-जगह पुष्पवर्षा से स्वागत किया गया। देशांतरियो धोरा स्थित श्री गणेश शनि मंदिर में सूर्य मंडल सेवा समिति के तत्वाधान में मंगलवार को अलसुबह से ही धार्मिक आयोजन शुरू हुए। मंडल प्रवक्ता दौलत आर. प्रजापत ने बताया कि अलसुबह शनि देव प्रतिमा का पंचतत्वों से अभिषेक हुआ व नवीन वस्त्रों व आभूषणों से श्रृंगार किया गया। मंदिर शिखर पर ध्वजारोहण किया गया। इसके बाद मंदिर पुजारी के साथ मंडल अध्यक्ष नेमीचंद सोनी व संरक्षक सुरेश सिंघल ने आरती की व शनि भगवान को माखन मिश्री का महा भोग लगाया। इसके बाद देशांतरियों का धोरा स्थित मंदिर स्थल से सुबह 9 बजे गाजे-बाजे के साथ शोभायात्रा निकाली गई। मंडल सदस्यों व शिव सेना जिला प्रमुख पन्नालाल सोलंकी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। सबसे आगे घोड़ों पर सवार लाभार्थी, उसके पीछे विभिन्न देवी-देवताओं की झांकियां, भजन मंडली व सबसे पीछे रथ पर विराजित शनिदेव की प्रतिमा शामिल थी। झांकियों में द्वारकाधीश भगवान की झांकी, शनिदेव की झांकी, मां अंबे काला घोरा भेरूजी की झांकी, अर्ध नारेश्वरी की झांकी, राम दरबार की झांकी आकर्षण का केंद्र रही। साथ ही अन्नपूर्णा गौशाला की झांकी भी शामिल रही। रथ पर विराजित शनि देव की प्रतिमा का शहरवासियों ने दर्शन किया। मंदिर स्थल से रवाना होकर शोभायात्रा पुराना बस स्टैंड, गौर का चौक, इलोजी बाजार, मालियों का बोस होते हुए पुनः मंदिर आकर विसर्जित हुई। बीच रास्तों में धर्मप्रेमियों ने पानी, आइस्क्रीम, लस्सी की व्यवस्था की। शोभायात्रा के पश्चात् सूर्य मंडल की ओर से समस्त कन्याओं के लिए भोजन प्रसादी का आयोजन किया गया। शहर के वर्द्धमान आदर्श स्कूल में भोजन करवाने के बाद समाजसेवी हरीश माली ने पुरस्कार वितरित किए।