पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • चोरी से 24 घंटे पहले की रैकी, अगली रात 63 मिनट दुकानों में रुककर 1 लाख 69 हजार रुपए किए पार

चोरी से 24 घंटे पहले की रैकी, अगली रात 63 मिनट दुकानों में रुककर 1 लाख 69 हजार रुपए किए पार

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
मूंगड़ा रोड स्थित वीर दुर्गादास कृषि उपज मंडी समिति में सोमवार देर शाम जब व्यापारी अपने प्रतिष्ठानों में हिसाब-किताब करने में व्यस्त थे। इस दौरान समीप की दो दुकानों के ताले तोड़कर चोर अलमारियां खंगाल रहे थे। बेखौफ चोर एक घंटे तक दुकानों में रुके और 1 लाख

69 हजार रुपए पार कर ले गए। रात करीब 9.20 बजे चौकीदार हाथ में टॉर्च लेकर गश्त के लिए रवाना हुआ तो रोशनी देखकर चोर कार में सवार होकर दूसरे रास्ते से भाग गए। नजदीक पहुंचे चौकीदार ने खुली दुकानें व लाइट जलती देख दुकान मालिक को इत्तला दी। इस दौरान दुकान मालिक व अन्य व्यापारी भी मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज खंगाले व पूछताछ की, लेकिन मंगलवार देर शाम तक चोरों के बारे में कोई सुराग नहीं लग पाया। हालांकि सीसीटीवी फुटेज में दो चोर तो साफ नजर आ रहे हैं।

घटना वीर दुर्गादास कृषि उपज मंडी समिति में रात 8 बजे की है। जब कई व्यापारी दिन-भर के व्यापार के बाद हिसाब-किताब मिला रहे थे। वहीं कई दुकानदार दुकानें बंद कर घर रवाना हो गए थे। इस दौरान समिति में नई बनी दुकानों के पीछे की तरफ स्थित दो दुकानों के आगे कार में सवार चोर पहुंचे। करीब 8.17 बजे दो चोरों ने लगिए से गोदरेज व नेस्ले एजेंसी धारक हुकमीचंद जवेरीलाल मेहता की दुकान के ताले तोड़कर अंदर घुसे। इसमें सब जगह छानबीन के बाद चोरों के हाथ करीब 5-7 हजार रुपए लगे। इसके बाद चोर समीप स्थित किराणा व ड्राई फ्रूट की दुकान के ताले तोड़कर अंदर घुसे। यहां पर टेबल, अलमारियां खंगाल कर करीब 1 लाख 64 हजार रुपए पार कर लिए। रात करीब 9.20 बजे राउंड के लिए रवाना हुआ गार्ड के हाथ में टॉर्च की रोशनी अपनी तरफ आती देख चोर कार में सवार होकर भाग गए। सूचना पर थानाधिकारी भंवरलाल सिरवी मय जाब्ता मौके पर पहुंचे। वारदात वाली दुकानों व मंडी में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इसमें चोरों के चेहरे स्पष्ट नजर आ रहे हैं, लेकिन मंगलवार शाम तक चोरों की शिनाख्त नहीं होने के साथ किसी तरह का सुराग नहीं लग पाया।

चोरों को पता था रात दस बजे बंद हो जाता है मंडीगेट, इसलिए समय से पहले की वारदात

कृषि उपज मंडी समिति में दिन भर के कामकाज के बाद शाम के समय व्यापारी अपना हिसाब-किताब मिलाते है। इस पर रात 9.30 बजे तक मंडी में व्यापारियों व ग्राहकों की चहल-पहल रहती है। वहीं गार्ड की ड्यूटी बदलने का टाइम भी 8 बजे तक होता है, लेकिन रात 10 बजे तक लोगों का आना-जाना लगा रहने से चौकीदार भी कामकाज में व्यस्त रहते है। रात 10 बजे मंडी का गेट बंद किया जाता है। इसके बाद अगर कोई अनजान व्यक्ति मंडी से बाहर जाता है तो उसका नाम, नंबर रजिस्टर में अंकित कर मंडी एसोसिएशन या व्यापारियों से बात करने के बाद निकलने दिया जाता है। इससे वाकिफ चोराें ने प्लान के मुताबिक 10 बजे से पहले ही वारदात को अंजाम देने के लिए पहुंचे।

किसी को शक नहीं हो, इसलिए व्यापारी की तरह अाए चोर

कृषि उपज मंडी में चौकीदार के तौर पर दो सरकारी कार्मिक नियुक्त है, वहीं मंडी एसोसिएशन की तरफ से तीन गार्ड लगा रखे हैं। ऐसे में रात्रि में दो गार्ड रात्रि में मुख्य गेट पर बैठने के साथ गश्त करते रहते है। इस पर मंडी में आने-जाने वाले हर व्यक्ति पर चौकीदार की निगाह रहती है। ऐसे में किसी को संदेह नहीं हो, इस पर चोर भी कार लेकर व व्यापारियों की तरह अच्छे कपड़े व जूते पहनकर वारदात को अंजाम देने पहुंचे।

मंडी में दो सरकारी व निजी गार्ड लगाए गए है। गत ढाई साल में एक भी चोरी की वारदात नहीं हुई है, ऐसे में चौकीदार पर लापरवाही का आरोप लगाना मुनासिब नहीं होगा। रात 10 बजे मंडी का गेट बंद हो जाता है, इस पर चोरों ने पहले रैकी कर गेट बंद होने से पहले वारदात को अंजाम दिया। दो दुकानों से नकदी चुराई है। पुलिस जांच में जुटी है। - मोहनलाल पालीवाल, अध्यक्ष, व्यापार संघ कृषि उपज मंडी समिति

1 दिन पहले की रैकी, नहीं मिला मौका

पुलिस व मंडी व्यापारियों के खंगाले सीसीटीवी फुटेज में सामने आया कि वारदात के पहले दिन रविवार को भी इसी वक्त चोरों ने दुकानों की रैकी की, लेकिन इस दिन दुकानें खुली होने से वे वारदात को अंजाम नहीं दे सके। इसके बाद वे मंडी में चक्कर लगाकर रवाना हो गए। दूसरे दिन सोमवार को वे यहां पहुंचे तो दुकानें बंद देखकर वारदात को अंजाम दे दिया।

कृषि मंडी में दो दुकानों के ताले तोड़कर चोर नकदी चुरा ले गए है। सूचना मिलते ही तुरंत मौके पर पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज खंगाले। चोरों की शिनाख्त को लेकर प्रयास किए जा रहे है। अभी भी टीम मौके पर मंडी में लगे अन्य फुटेज लगाने के साथ जांच में जुटी है। - भंवरलाल सिरवी, थानाधिकारी बालोतरा

खबरें और भी हैं...