कलेक्टर बोले-जितने भी निर्माण कार्य अधूरे हैं उन्हें जल्द पूरा कराएं
नवनिर्मित संयुक्त जिला कलेक्टोरेट व सर्किट हाउस व नवीन जिला चिकित्सालय के अधूरे कार्यों को जल्द पूरा कराने के निर्देश नवपदस्थ कलेक्टर हीरालाल नायक ने अधिकारियों व ठेकेदारों को दिए हैं।
जिला मुख्यालय बलरामपुर में मंगलवार को पदभार संभालने के बाद कलेक्टर नायक ने यहां चल रहे बड़े निर्माणकार्यों का िनरीक्षण कर वस्तु-स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने संयुक्त जिला कलेक्टोरेट कार्यालय में चल रहे निर्माणकार्यों का निरीक्षण कर अधूरे कार्यों को जल्द पूरा कराने निर्देश दिए। इसी प्रकार सर्किट हाउस की गुणवत्ता का अवलोकन किया। इसके बाद वे नवनिर्मित जिला अस्पताल भवन पहंुचे। उन्होंने इस दौरान ऑपरेशन थियेटर, गहन चिकित्सा इकाई, सेमीप्राइवेट वार्ड, जनरल वार्ड का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा व स्वास्थ्य अधिकारी व लोक निर्माण विभाग के अधिकारी को अधूरे काम तेजी से पूरा कराने सख्त निर्देश दिए। इस दौरान अपर कलेक्टर विजय कुजूर, डिप्टी कलेक्टर दुर्गेश वर्मा, अभिषेक गुप्ता, सीएमओ डॉ. सीडी बाखला, सिविल सर्जन डॉ. आरके त्रिपाठी उपस्थित थे।
अधिकारियों के साथ ठेकेदारों को भी काम में तेजी लाने दिए निर्देश
पदभार संभालने के बाद बलरामपुर कलेक्टर नायक क्षेत्र के बड़े निर्माणकार्यों का जायजा लेते हुए।
जिले के चौथे कलेक्टर के रूप मेंे पदभार संभाला, 2008 बैच के आईएएस अधिकारी
जिले के नव पदस्थ कलेक्टर हीरालाल नायक ने मंगलवार को प्रभारी कलेक्टर एवं एसडीएम के. विजय दयाराम से पदभार ग्रहण किया। श्री नायक 2008 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। वे जिले के चौथे कलेक्टर हैं। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2012 में जिला निर्माण के बाद पहले कलेक्टर सीआर प्रसन्ना, दूसरे कलेक्टर के रूप में अलेक्स पॉल मेनन एवं तीसरे कलेक्टर अवनीश कुमार शरण थे।
कार्यालयों का निरीक्षण कर पेपरलेस काम को बढ़ावा देने कहा
पदभार ग्रहण करने के बाद कलेक्टर द्वारा कलेक्टोरेट कार्यालय का निरीक्षण कर विभिन्न शाखाओं में फाइल को ठीक से रखने एवं साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने कहा। उन्होंने पेपर लेस काम पर ज्यादा जोर देने शाखा के प्रभारियों को निर्देश दिए। कलेक्टोरेट कार्यालय में निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टेनो शाखा, आवक-जावक शाखा, नाजरत एवं न्यायिक शाखा, अपर कलेक्टर एवं डिप्टी कलेक्टर कक्ष, अधीक्षक कक्ष का निरीक्षण किया। इस दौरान एसडीएम के. विजय दयाराम सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।