चौधरीवास में रिहायश के ऊपर से बिजली लाइन बिछाने का विरोध, ग्रामीणों ने रुकवाया काम
शुक्रवार को चौधरीवास गांव में निगम के अधिकारियों की मौजूदगी में बिजली लाइन बिछाने का कार्य ग्रामीणों ने रुकवा दिया। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचे अधिकारियों से कहा कि वे किसी भी सूरत में आबादी क्षेत्र के ऊपर से लाइन नहीं बिछाने देंगे। मामले को लेकर ग्रामीण शुक्रवार को बिजली निगम के डायरेक्टर, एमडी और जिला उपायुक्त से भी मिले और सीएम विंडो में भी शिकायत दी। ग्रामीणों का आरोप है एक भाजपा नेता के भाई के दबाव में बिजली निगम गलत तरीके से काम कर आबादी क्षेत्र में रहने वाले लोगों के साथ खिलवाड़ कर रहा है।
उपभोक्ता कृष्ण कुमार का आरोप है कि जिस नक्शे के अनुसार उसकी मील में लाइन बिछाई जानी थी पर विभाग के अधिकारी भाजपा नेता के भाई के दबाव में आकर नक्शे को बदलने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि नक्शा भी बिजली निगम की ओर से ही बनाया गया था फिर भी वे भाजपा नेता के भाई के दबाव में आकर काम को पिछले एक माह से अधर में लटकाए हैं। हालांकि यह बिजली लाइन निगम के बनाए नक्शे के अनुसार पीडब्ल्यूडी की जमीन से निकल रही है, मगर फिर भी निगम के अधिकारी इस लाइन को जोड़ने में हाथ खड़े कर रहे हैं। दूसरी तरफ आबादी है जो इस कार्य का विरोध कर रही है।
इस सबंध में सुरेश से बात की गई तो उन्होंने बताया कि यह एक तंग सड़क है जहां से इस लाइन को बिछाया जा रहा है। उनकी ओर से केवल दूसरी ओर लगे पोल से वायर लगाने का आग्रह किया गया था, जिसका निगम के अधिकारियों ने मौके पर पहुंच कर मुआयना भी किया था। अगर सड़क के दोनों ओर पाेल लगा दिए जाएंगे तो सड़क पर हादसे होने का खतरा बढ़ जाएगा।
लाइन बिछाने का विरोध करते ग्रामीण।
अधिकारी ले चुके हैं संज्ञान
शुक्रवार को गांव में लाईन बिछवाने गए थे। मगर ग्रामीणों ने पूर्व में बनाए गए नक्शे के अनुसार लाईन बिछाने की मांग की है। ग्रामीणों ने काम का विरोध किया था इस लिए काम बंद कर दिया गया है। वे इस मामले को विभाग के ऊपरी अधिकारियों के संज्ञान में ला चुके हैं। रघुवीर सिंह, जेई बिजली निगम।