बालसमंद| हर वर्ष की तरह निजी स्कूलों को मात देकर उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम देने वाले सरसाना गांव के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के स्कूल स्टाफ को ग्राम पंचायत की ओर से सम्मानित किया जाएगा। स्कूल रिजल्ट का 88.24 प्रतिशत रहा। 12 वीं कक्षा में कुल 17 छात्र थे जिनमें से 13 छात्रों ने प्रथम श्रेणी के साथ परीक्षा पास की। स्कूल का हिन्दी, इकोनॉमिक्स, पब्लिक एड, इतिहास और साइंस विषय का परिणाम शत-प्रतिशत रहा। शनिवार को स्कूल प्रांगण में होनहार छात्रों के साथ स्कूल स्टाफ और ग्रामीणों ने खुशियां मनाई। इस दौरान गांव के सरपंच प्रतिनिधि रोहताश कस्वां ने पूरे स्कूल स्टाफ को ग्राम पंचायत द्वारा सम्मानित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि गांव के स्कूल में मौजूद अध्यापकों की मेहनत और लगन से स्कूल का हर वर्ष परीक्षा परिणाम सराहनीय रहता है।