बारियातू प्रखंड अंतर्गत सालवे स्थित बीएमसी मखतब विद्यालय के अभिभावकों ने आवेदन सौंपकर उपायुक्त से विद्यालय को दूसरे विद्यालय में मर्ज नहीं करने का आवेदन दिया है। बीएमसी मखतब विद्यालय के अभिभावक जुबेदा खातून, मो. मोबिन, मो. तौकीर, समीना खातून, सैरूण निशा, मो. इकबाल सहित दर्जनों अभिभावकों ने बताया कि बालूमाथ एकीकृत प्रखंड में 1958 से बीएमसी मखतब विद्यालय में उर्दू की पढ़ाई हो रही है तथा सरकार द्वारा सरकारी शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति होती रही है। सरकार द्वारा विद्यालय का कोड संख्या 20220905202भी दिया गया है। वर्तमान समय में सौ से भी अधिक छात्र-छात्राओं का विद्यालय में नामांकन भी है। विभाग द्वारा विद्यालय को एक किमी की दूरी में स्थित मध्य विद्यालय में मर्ज कर दिया गया है, जिसके कारण छोटे-छोटे बच्चों को विद्यालय आने-जाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। विद्यालय के अध्यक्ष मो. शमीम ने बताया कि पांच मई को विद्यालय में कार्यरत पारा शिक्षक ने जानकारी दी कि विद्यालय को उक्त विद्यालय में मर्ज कर दिया गया है, इसलिए अब यह विद्यालय बंद हो गया है। विद्यालय के अभिभावकों ने उपायुक्त व स्थानीय विधायक प्रकाश राम से बीएमसी मखतब विद्यालय में सरकारी उर्दू शिक्षक की नियुक्ति करते हुए विद्यालय को पूर्व की भांति पुन: सुचारू रूप से चलाने की गुहार लगाई है।
डीसी से विद्यालय मर्ज नहीं करने की गुहार लगाते बीएमसी मखतब के पदाधिकारी।