बारियातू | श्रीरामजानकी मंदिर परिसर में एकल विद्यालय के आचार्यों का सात दिवसीय आवासीय वार्षिक प्रशिक्षण रविवार को संपन्न हो गया। प्रशिक्षण समपान के मौके पर उमेश सिंह ने कहा कि एकल विद्यालय में आरोग्य, ग्राम विकास, युवा जागरण, संस्कार व प्राथमिक पंचमुखी शिक्षा आप सब द्वारा दी जाएगी। अजीत आेझा ने कहा कि आप सभी अपने सुविधानुसार प्रत्येक दिन तीन घंटे 6 से 14 वर्ष के बच्चों को संस्कारयुक्त शिक्षा दें। एकल विद्यालय प्रखंड कोषाध्यक्ष वीरेंद्र पासवान ने कहा कि आप सभी के क्षेत्र में जो बच्चे-बच्चियां किसी कारणवश विद्यालय आने से वंचित रह जाते हैं, उन्हें ईमानदारीपूर्वक संस्कारयुक्त शिक्षा दें। एकल विद्यालय के प्रखंड सचिव महंगू साव ने कहा कि एकल विद्यालय का उद्देश्य शिक्षण कार्य के साथ-साथ सनातन धर्म की रक्षा व धर्मांतरण को भी रोकना है। इसके पूर्व सभी अतिथि व आचार्यों को शॉल देकर सम्मानित किया गया। मौके पर अवधकिशोर यादव, कुलदीप यादव, रूपलाल यादव, महेंद्र सिंह, जयप्रकाश, पवन प्रसाद सहित बारियातू/बालूमाथ संच के 50 से भी अधिक आचार्य उपस्थित थे।