वार्षिकोत्सव के पहले दिन प्रसाद वितरण, पूर्णाहुति आज
चंदवा | सरोजनगर स्थित श्री पंचमुखी हनुमान मंदिर में दो दिनी वार्षिकोत्सव कार्यक्रम मंगलवार को धूमधाम से शुरू हो गया। मंगलवार की सुबह मंदिर परिसर में विधिवत पूजा-अर्चना पंडित नरेंद्र पाठक ने शुरू कराई। बतौर मुख्य यजमान पूजा समिति के अध्यक्ष रंजीत कुमार गुप्ता मौजूद थे। पूजा के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। पूर्वाह्न 11 बजे से 24 घंटे का अखंड हरि कीर्तन शुरू किया गया। इस दौरान चंदवा के अलावा महुआमिलान, सेरक, रोल, बालूमाथ समेत अन्य स्थानों से आए कीर्तन मंडलियों ने हरे रामा हरे कृष्णा की धुन पर भजन गाए। मंदिर में आकर्षक सज्जा की गई है। समिति के लोगों ने बताया कि बुधवार को अखंड कीर्तन की पूर्णाहुति होगी। इसके बाद हवन शुरू होगा। हवन के बाद मंदिर परिसर में ही भंडारा का आयोजन होगा। इसमें समस्त चंदवावासियों को महाप्रसाद ग्रहण करने के लिए आमंत्रित किया गया है। समिति के लोगों ने बताया कि भंडारा के बाद रात आठ बजे से जागरण होगा। इसमें कोलकाता व धनबाद के कलाकार शिरकत करेंगे। वार्षिकोत्सव को सफल बनाने के लिए मनोज सिंह, चंद्रदीप प्रसाद साहू, राजकुमार गुप्ता, राजेशचंद्र पांडेय, प्रेमशंकर भगत, संदीप कानोडिया, प्रह्लाद विश्वकर्मा, नकुल साहू, जयकिशोर सिंह, राजू गुप्ता, मनीष गुप्ता, अनिल सिंह, अजय भगत, सतीश प्रसाद, अमोद साहू, राजकुमार गुप्ता उर्फ भोला, बनारसी सोनी, हलखोरी साव, संजय गुप्ता आदि सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।