पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • पुरानी पिच के ऊपर पिचिंग कर बना रहे जैसे तैसे सड़क

पुरानी पिच के ऊपर पिचिंग कर बना रहे जैसे-तैसे सड़क

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
करोड़ों की लागत से एमजीसीपीएल कंपनी द्वारा बनाई जा रही पांकी-बालूमाथ मुख्य पथ के निर्माण कार्य में भारी अनियमितता बरती जा रही है। लगभग 50 किलोमीटर की दूरी तक बन रही इस सड़क के निर्माण कार्य में सैकड़ों छोटे बड़े पुल पुलिया का भी निर्माण कार्य जोरों से हो रहा है, जिसमें संवेदक की लापरवाही को साफ देखा जा सकता है।

महीनों से चल रहा निर्माण कार्य फिलवक्त पांकी प्रखंड में जोरों पर है। प्रखंड के जान्जो गांव से लेकर ग्राम सोरठ तक दर्जनों पुल-पुलिया व सड़क का निर्माण कार्य तो हो रहा है लेकिन नियमावली की काफी अनदेखी की जा रही है। सारे डायवर्सन की स्थिति बदतर तो है ही। साथ ही पानी का छिड़काव सड़क व डायवर्सन पर ना होने से इस रास्ते से गुजरने वाले राहगीरों व ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं निर्माणाधीन सीमेंटेड पुल पुलिया में वाइब्रेटर की जगह डंडे का इस्तेमाल किया जा रहा है व पटवन भी नहीं किया जा रहा। जिससे पुल-पुलिया के मजबूती पर खतरे की आशंका व्यक्त की जा रही है।

वहीं सड़क के किनारे स्थित सरकारी विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों व लोगों को धूल ने जीना मुहाल कर रखा है, खाने-पीने के सामान सहित सारे जरूरत के सामान व पूरे घर में धूल जमा हो गया है। रास्ते से गुजर रहे राहगीर विशाल पासवान, संतोष कुमार, तबरेज अंसारी ने बताया कि डायवर्सन सहित निर्माणाधीन सड़क पर पानी का छिड़काव नहीं होने से धूल के कारण उन्हें काफी परेशानी हो रही है। मौके पर उपस्थित मजदूर रंग बहादुर सिंह ने सीमेंटेड पुल पुल पर पानी का छिड़काव न होने के विषय में कहा कि कंपनी के लोग ही समझेंगे। निर्माण कार्य की देखरेख कर रहे कर्मी ने बताया कि पटवन का कार्य किया जा रहा है, व वाइब्रेटर कार्यस्थल तक नहीं पहुंच पाने के कारण ही डंडे का उपयोग किया जा रहा है।

जल्द ही करेंगे उचित कार्रवाई : बीडीओ

सड़क निर्माण कार्य की अनियमितता पर प्रखंड विकास पदाधिकारी इंद्र लाल ओहदार ने बताया कि मामले की जानकारी उन्हें मिली है, जल्द ही वे इस मामले की जानकारी अपने उच्च अधिकारी को दे उचित कार्रवाई करेंगे। पांकी प्रमुख उर्मिला देवी ने बताया कि उनके क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्य में घोर अनियमितता बरती जा रही है जिसकी शिकायत वे उच्चाधिकारियों से कर गुणवत्तापूर्ण कार्य व ग्रामीणों की सुविधा हेतु पटवन की मांग करेंगे।

अनियमितता

पांकी-बालूमाथ मुख्य पथ के निर्माण कार्य में बरती जा रही है भारी अनियमितता

पुरानी पिच पर नई पिच का निर्माण कार्य।

खबरें और भी हैं...