पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • प्रतिनिधियों के सहारे बम्हौरी बराना ग्राम पंचायत हितग्राहियों को नहीं मिल रहा योजनाओं का लाभ

प्रतिनिधियों के सहारे बम्हौरी बराना ग्राम पंचायत हितग्राहियों को नहीं मिल रहा योजनाओं का लाभ

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
ग्राम पंचायत बम्हौरी बराना में प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ सरपंच प्रतिनिधि सिर्फ अपने चहेते को दिलाने में लगे हैं। गांव की सरपंच श्याम बाई आदिवासी अपने चार प्रतिनिधियों के सहारे पंचायत चला रही हैं। इस पंचायत में सरकार की योजनाओं का मजाक बनाया जा रहा है। केंद्र सरकार की अति महत्वपूर्ण प्रधानमंत्री आवास योजना में हितग्राहियों को आवास स्वीकृत कराने से लेकर खातों में पैसे डलवाने के नाम पर जबरन वसूली की जा रही है, लेकिन इस पर कोई भी प्रशासनिक अधिकारी द्वारा अब तक कार्रवाई नहीं की गई है।

यहां पर अल्पसंख्यक मुस्लिम समुदाय के अधिकांश लोगों को योजना का लाभ तो दिया गया, लेकिन पहली किस्त जारी होने के बाद दूसरी किस्त के लिए ग्राम पंचायत से लेकर जनपद पंचायत तक के चक्कर काटने को हितग्राही मजबूर है। हितग्राहियों का आरोप है कि सिर्फ रसूखदार लोगों की ग्राम व जनपद पंचायत में सुनवाई होती है। जिसे वाकई शासन की योजनाओं का लाभ मिलना चाहिए, वहीं इससे महरूम हैं।

हितग्राहियों से पीएम आवास स्वीकृत कराने कर्मचारी ले रहे रुपए : हितग्राही रसीद खान ने बताया कि फरवरी 2017 में आवास योजना का लाभ दिया गया था। जिसके चलते उन्हें पहली किश्त दी गई। इस राशि से सिर्फ मकान की फाउंडेशन तैयार हो पाई है। मकान बनाने के लिए पिछले 15 महीने से दूसरी किस्त के लिए विभागीय अधिकारियों के चक्कर लगाने को मजबूर हैं। रसीद ने बताया कि पहली किस्त के तहत सिर्फ 40 हजार रुपए दिए गए थे। जिसमें मकान का फाउंडेशन तैयार कराने और 9 हजार रुपए पंचायत के कर्मचारियों ने दूसरी किस्त जारी करने के नाम पर लिए थे। इसके बाद भी दूसरी किस्त के लिए परेशान किया जा रहा है।

गांव के निवासी वहीद खां का कहना है कि पिछले साल प्रधानमंत्री आवास की कच्ची सूची तैयार की गई थी। जिसमें अल्पसंख्यक मुस्लिम समुदाय से 6 लोगों को नाम थे, लेकिन सरपंच प्रतिनिधियों की मनमानी के चलते इन 6 हितग्राहियों में से किसी को भी आवास स्वीकृत नहीं हो पाया है। इस संबंध में वहीद खान कई बार 181 पर शिकायत कर चुके हैं, फिर भी समस्या का कोई निराकरण नहीं हो पाया है।

बम्हौरी बराना। हितग्राही रसीद खान का अधूरा डला पीएम आवास।

सचिव बात करने को तैयार नहीं

हितग्राहियों का कहना है कि पंचायत सचिव हरिराम कुशवाहा हमारी बात सुनने को तैयार नहीं है। जब भी उनसे दूसरी किस्त की बात करो मुुझे इस संबंध में कोई जानकारी नहीं कहकर बात टाल दी जाती है। अगर सचिव को फोन लगाओ तो रिसीव नहीं किया जाता है। हितग्राहियों का कहना हैं ऐसे में शिकायत करें तो किससे करें।

कलेक्टर मामले की जांच कर करें कार्रवाई

वहीद खान और रसीद ने कहा कि ग्राम पंचायत में हितग्राहियों को योजनाओं से वंचित रखा जा रहा है। इस संबंध में 181 पर शिकायत करने के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हुई है। इसलिए संबंधित मामले में कलेक्टर मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करें। साथ ही हमें दूसरी किस्त जारी करवाएं। जिससे पिछले साल से अधूरे डले पीएम आवासों को पूरा किया जा सके।

मुझे कोई जानकारी नहीं

गांव में किन लोगों को पीएम आवास स्वीकृत किए गए है और कितने लोगों के खाते में राशि आई। इस संबंध में मुझे कोई जानकारी नहीं है। ग्राम पंचायत के सचिव से बात करो वहीं बताएंगे कि लोगों के खातों में पीएम आवास की दूसरी किस्त क्यों नहीं आई। श्यामबाई आदिवासी, सरपंच बम्हौरी बराना

खबरें और भी हैं...