कियोस्क संचालक पर धोखाधड़ी कर रुपए निकालने का आरोप लगाया
करवड़ | गांव में कियाेस्क सेंटर चलाने नारायण पिता गुलाबचंद्र प्रजापत पर एक ग्रामीण ने धोखाधड़ी से उसके खाते से रुपए निकालने का आरोप लगाया है। इसकी शिकायत ग्रामीण ने पेटलावद थाने में आवेदन देकर की है। युवक नारायण गलिया मेड़ा निवासी तलावपाड़ा ने बताया उसने भावांतर योजना के अंतर्गत बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा बामनिया में खाता खुलवाया था। रुपए की जरूरत होने पर 21 जनवरी को वह कियोस्क सेंटर चलाने वाले गुलाबचंद्र के पास गया। उसने कहा मुझे 10 हजार रुपए की जरूरत है। इस पर कियोस्क संचालक ने अंगूठा लगाकर सारी प्रक्रिया पूरी कर ली। संचालक ने उसे कहा पैसे निकालने कल आना। वह दो-तीन दिन बाद गया तो सेंटर पर ताला लगा हुआ था। करीब चार दिन तक उसने दुकान नहीं खोली। इस बीच युवक ने कहीं और से पैसे की व्यवस्था कर ली। जब उसे फिर से रुपए की जरूरत पड़ी तो वह सेंटर पर गया इस पर तो कियोस्क संचालक ने उसे खाते में रुपए नहीं होने की बात कही। खाताधारक नारायण ने बैंक ऑफ बड़ाैदा की शाखा बामनिया पर संपर्क किया तो पता चला उसके खाते से तीन बार में 12 हजार रुपए निकाले गए है। नारायण ने आरोप लगाया कि कियाेस्क संचालक ने धोखे से उसके खाते से 21 जनवरी 18 को 5-5 हजार रुपए कर 10 हजार रुपए निकाले इसके बाद 15 फरवरी को भी 2 हजार रुपए निकाल लिए। पुलिस को दिए आवेदन में नारायण ने कियाेस्क संचालक पर कार्रवाई की मांग की है।