हरिजन दूल्हे की घोड़े पर राछ निकालने पर विवाद, 64 पर केस
बंडा क्षेत्र के सिंग्रावन गांव में मंगलवार की शाम एक हरिजन दूल्हे की बारात जाने से पहले गांव में घोड़े पर बैठकर राछ निकलने पर लोधी समाज के लोगों ने मारपीट कर दी। पुलिस ने दोनों पक्षों के 64 लोगों पर केस दर्ज कर 15 को जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार ब्लॉक की सिंग्रावन पंचायत में मंगलवार को हरजू अहिरवार निवासी सिंग्रावन के मंझले बेटे धनीराम अहिरवार की शादी थी। दोपहर में उसकी घोड़े पर राछ गांव के मंदिर जा रही था। इसी दौरान यहां के लोधी समाज ने हरिजन के घोड़े पर बैठने का विरोध किया। पहले मुंह विवाद हुआ फिर दोनों पक्षों में गाली-गलौच और कुछ के साथ हाथापाई हो गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने तत्काल घटना को कंट्रोल किया। प्रभारी थाना प्रभारी सत्येंद्र यादव ने बताया रस्मो-िरवाज के तहत घोड़े पर हरिजन समाज का दूल्हा गांव में राछ के तौर पर घूम रहा था इसी बीच यह विवाद हो गया।
उन्होंने बताया अहिरवार समाज द्वारा की गई एफआईआर पर लोधी समाज के लोगों पर आईपीसी की धारा के अलावा एससी-एसटी एक्ट का केस कायम किया गया है। इधर लोधी समाज ने भी अहिरवार समाज के खिलाफ केस दर्ज कराया है। कुछ लोगों पर 151 का केस दर्ज किया गया है। सिंग्रावन में पुलिस बल तैनात किया कर हरजू के लडके की शादी शांति पूर्वक कराई गई।
उन्होंने बताया लोधी समाज के 26 एवं हरिजन समाज के 23 लोगों पर केस दर्ज किया गया है। गांव में शांति है। इधर लोधी समाज के लोगों ने बताया कि हरजू के परिवार से लोधी समाज के कुछ लोगों की रंजिश चल रही है। दूल्हे के घोड़े पर बैठने का कोई विवाद नहीं है।