अगले साल हर जिले में सरकार की ओर से फुले जयंती मनाने का होगा प्रयास
कृषि मंत्री डॉ. प्रभुलाल सैनी ने कहा कि अगले साल प्रदेश के सभी जिलों में सरकार की ओर से महात्मा ज्योतिबा फुले जयंती मनाने के प्रयास किए जाएंगे। जिसमें सभी समाजों के लोग भाग लेंगे।
कृषि मंत्री सैनी ने यह बात रविवार को सैनी समाज की ओर से यहां सैनी आदर्श पीजी कालेज प्रांगण में आयोजित महात्मा ज्योतिबा फुले जयंती व प्रतिभा सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि जो समाज अपनी धरोहरों को सहेज कर नहीं रख सकता है वह कभी भी तरक्की नहीं कर सकता है। ऐसे में हमें हमारी धरोहरों को सहेज कर रखना चाहिए।
उन्होंने कहा कि राजनीति कभी एक जाति के आधार पर नहीं होती है। राजनीति करने वाले लोगों को कर्मशील बनकर 36 कौमों को साथ में लेकर चलना होगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने किसानों को लाभ पहुंचाने के लिए कई प्रकार की योजनाएं संचालित की है। इन योजनाओं में हम जल्दी ही सरकारी स्तर पर लहसुन व प्यार की भी खरीददारी करेंगे। कृषि मंत्री ने बांदीकुई में सैनी समाज के छात्रावास निर्माण के लिए जमीन आंवटन के लिए प्रयास करने का भरोसा दिलाया।
समारोह में राजस्थान युवा बोर्ड चेयरमैन भूपेंद्र सैनी ने कहा कि जीवन में पद तो आते जाते रहते है लेकिन हमें कार्यकर्ता बनकर कार्य करना होगा क्योंकि कार्यकर्ता का पद हमेशा बना रहता है। उन्होंने कहा कि आज युवाओं का देश है। ऐसे में सभी को युवाओं की ताकत को समझना होगा।
उन्होंने कहा कि सभी का फर्ज है कि हमेशा समाज को जोडने का कार्य करे ना कि उसे तोड़ने का। समारोह में राज्यसभा सांसद मदनलाल सैनी ने कहा कि समाज को हमेशा एकजुट होकर एक दूसरे की मदद करनी चाहिए। शिक्षा को बढ़ावा देना चाहिए। समारोह में पूर्व मंत्री रामकिशोर सैनी ने कहा कि जयंती समारोह में हमे संकल्प लेना चाहिए कि हम हमेशा महात्मा ज्योतिबा फुले के बताए मार्ग पर चले। समारोह में रिटायर्ड आईएएस सत्यनारायण सिंह, आरएएस अलका पुष्प, स्काउट गाइड की सीओ कृष्णा सैनी, राजस्थान कर्मचारी व अधिकारी संघ के अध्यक्ष हनुमान प्रसाद सैनी, भावना सैनी, राजस्थान माली महासभा चेयरमैन ओंकारराम कच्छावा, समाज कल्याण बोर्ड की सदस्य सुनीता सैनी, राजस्थान माली महासभा के संरक्षक बिरदीचंद सिंगोदिया सहित अन्य ने विचार व्यक्त किए। समारोह में युवा नेता भागचंद टांकड़ा, मोहनलाल सैनी बड़े गुरुजी, डॉ. मोतीलाल सैनी, प्रबंध समिति सैनी आदर्श विद्या मंदिर शिक्षण संस्थान के अध्यक्ष मुकेश सैनी, डॉ रामदयाल सैनी, जिला परिषद सदस्य महेश सैनी, पूर्व सरपंच रामकरण सैनी, सिकराय प्रधान बादाम सैनी सहित अन्य मौजूद थे। इस दौरान अतिथियों ने करीब 200 से अधिक समाज की प्रतिभाओं का सम्मान किया।
1101 कलशों की यात्रा, शहर में जगह-जगह स्वागत
समारोह से पहले सैनी समाज के लोगों ने नई सब्जी मंडी से 1101 कलशों की शोभायात्रा निकाली। शोभायात्रा में श्रद्धा का सैलाब उमड़ गया। बडी संख्या में महिलाओं व पुरुषों ने भाग लिया।
शोभायात्रा शहर की पुरानी अनाज मंडी, पीडब्लूडी तिराहा, राज बाजार, आगरा फाटक, बडियाल रोड होते हुए कार्यक्रम स्थल पहुंची। इस दौरान शोभायात्रा का कई जगह स्वागत किया गया।
बांदीकुई. ज्योतिबा फुले जयंती समारोह में कृषि मंत्री प्रभुलाल सैनी, राज्य सभा सांसद मदनलाल सैनी, युवा बोर्ड चेयरमैन भूपेंद्र सैनी व पूर्व मंत्री रामकिशोर सैनी का स्वागत करते लोग।
बांदीकुई. ज्योतिबा फुले जयंती पर सैनी समाज की ओर से शहर में निकाली गई कलशयात्रा।