देलाड़ी के कुएं में मिला वृद्ध का 15 दिन पुराना शव
भास्कर न्यूज | बांदीकुई ग्रामीण/धनावड़
देलाड़ी गांव में सोमवार शाम पुलिस ने एक सूखे कुएं से 15 दिन पुराना एक वृद्ध का शव बरामद किया है। मृतक देलाड़ी गांव का रहने वाला है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कोलवा थाने के कार्यवाहक थाना प्रभारी भोली राम ने बताया कि सोमवार को ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी कि यहां एक सूखे कुएं से दुर्गंध आ रही है। मौके पर पहुंची पुलिस को कुएं में शव होने का अंदेशा नजर आया। लेकिन अधिक दुर्गंध से शव निकालने के लिए पुलिस व ग्रामीणों के प्रयास विफल हो गए।
मामले की सूचना बांदीकुई थाना प्रभारी निरंजन पाल सिंह मौके पर पहुंचे। बांदीकुई से सफाई कर्मचारियों को बुलाकर काफी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकलवाया। पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान देलाड़ी निवासी परसादीलाल शर्मा (85) के रूप में हुई।
बांदीकुई. देलाड़ी गांव में सूखे कुएं से वृद्ध का शव निकालने में जुटी पुलिस व ग्रामीण।
कुएं पर नहीं थी दीवार : पुलिस ने बताया कि मृतक अपने घर से काफी दूर स्थित कुएं पर सोने जाता था। अधिकांश समय वहां पर रहता था। पुलिस ने आंशका जताई कि कुएं पर दीवार नहीं होने के कारण रात में अंधेरा होने से वृद्ध इसमें गिर गया। पुलिस ने बताया कि तीन दिन से कुएं से दुर्गंध आ रही थी। पहले ग्रामीणों ने सोचा कि इसमें कोई जानवर मर गया। मौके पर वन विभाग की टीम ने जांच की लेकिन इसमें जानवर का शव दिखाई नहीं दिया। इस पर पुलिस को सूचना दी गई।
20 साल पहले इकलौते बेटे की हो गई थी मौत
पुलिस ने बताया कि मृतक के इकलौते बेटे की मौत करीब 20 साल पहले हो गई थी। इस पर पूरे परिवार की जिम्मेदारी मृतक के ऊपर थी। परिवारजनों ने बताया कि मृतक कई बार कई दिनों से में घर लौटता था। इससे उन्होंने इस बार भी उसे नहीं तलाश नहीं किया।