फ्लैगशिप योजना में अब तक 28 गांवों के 8 हजार 684 परिवार लाभान्वित
दौसा |ग्राम स्वराज अभियान, सबका साथ, सबका विकास कार्यक्रम के तहत जिले के 28 गांवों में अब तक विभिन्न फ्लैगशिप योजनाओं में 8 हजार 684 परिवारों को लाभान्वित किया गया है। जिला परिषद के सीईओ राजेंद्र प्रसाद चतुर्वेदी ने बताया कि प्रधानमंत्री उज्ज्वल योजना, उजाला योजना, प्रधानमंत्री जन धन योजना, प्रधान मंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना तथा मिशन सिंचाई योजना आदि में 28 गांवों के 8 हजार 684 परिवारों को लाभान्वित किया गया है। उन्होंने बताया कि तहसील क्षेत्र बसवा के ग्राम डीगावडा में 250, बास गुढ़लिया में 313, मुकरपुरा में 454, हाज्याका बास में 267, नांगल में 242 तथा तहसील महवा के ग्राम बरीदकी में 196, खोहरी में 242, नयागांव में 209, समसपुर में 400 तथा तहसील सिकराय के ग्राम रायपुरा में 334, निहालपुरा में 573, गुर्जर बैराड़ा में 215, बंधाका बास में 213, झरना में 424, अचलपुरा में 217, गनीपुर में 263, सिकरी डूंगर में 477 तथा दौसा तहसील के बीनावाला में 243, ढाणी जामा में 181, नांगल गोविंद में 337, गूगोलाव में 296, हिंगोटिया में 345, गणेशपुरा में 730, बूंटोली में 264 तथा लालसोट तहसील के ग्राम सलेमपुरा में 332, बरेड़ी में 293, लालपुरा में 183, खेमावास में 191 को लाभान्वित किया गया है।
शिक्षकों के स्थायीकरण की मांग के लिए सीईओ से मिला प्रतिनिधिमंडल
दौसा| राजस्थान शिक्षक संघ प्रगतिशील का प्रतिनिधि मंडल तृतीय श्रेणी शिक्षक भर्ती परीक्षा 2012 में नियुक्त शिक्षकों के स्थायीकरण की मांग को लेकर जिला परिषद के सीईओ से मिला। संघ के जिलाध्यक्ष राकेश नागर ने बताया कि शिक्षकों के स्थायीकरण के लिए 23 जनवरी को मुख्य सचिव की अध्यक्षता में सर्व सम्मति से निर्णय लिया जा चुका है। इसकी पालना में शासन उप सचिव द्वारा फरवरी में निदेशक को पत्र लिखा गया। जिस पर 8 फरवरी को समस्त जिला शिक्षा अधिकारी को वंचित शिक्षकों को रिक्त पदों पर समायोजित कर स्थायीकरण करने के आदेश दिए गए, लेकिन आज तक आदेशों की पालना नहीं हुई है। प्रतिनिधि मंडल को सीईओ ने शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया। दीपक गहलोत, अखिलेश शर्मा, कालूराम गुर्जर, बसंती लाल गुर्जर, बनवारी लाल, कमलेश पटेल, कमलेश मीणा, रामेश्वर प्रसाद मीणा तथा ओमप्रकाश मीणा आदि वार्ता में शामिल थे।
अंबेडकर भवन का उद्घाटन आज
बांदीकुई |नगरपालिका क्षेत्र में शनिवार को अंबेडकर भवन निर्माण सहित अन्य कार्यों का उद्घाटन समारोह होगा। नगरपालिका ईओ ने बताया कि क्षेत्रीय विधायक डॉ. अलका सिंह, नगरपालिका चेयरमैन लक्ष्मी जायसवाल, एसडीएम चिम्मनलाल मीना सहित पार्षदों द्वारा अंबेडकर भवन निर्माण, सार्वजनिक शौचालय उद्घाटन किया जाएगा।