एक माह पहले हुई हत्या का आरोपित गिरफ्तार
पुलिस ने एक माह पहले रींदली फाटक के समीप रेल लाइन पर मिले शव के मामले में बुधवार को हत्या के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
थाना प्रभारी अशोक झाझड़िया ने बताया कि एक माह पूर्व रींदली फाटक के पास रेल लाइन पर मिले शव के मामले को लेकर की गई जांच के बाद हत्या के आरोपी हेमराज पुत्र बुधराम मीना निवासी पदमपुरा थाना टोडाभीम को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि आरोपी हेमराज की बहन से मृतक नीरज के अवैध संबंध थे।
पुलिस ने बताया कि अवैध संबंधों पता आरोपी को चलने पर उसने अपने साथी योगेश पुत्र हरिप्रसाद व अजय पुत्र खिलाड़ी मीना निवासी पदमपुरा के साथ मिलकर नीरज की हत्या की योजना बनाई और उसको बुलाकर मंडावर ले आए। जहां रींदली फाटक के पास ले जाकर उसके साथ डंडों से मारपीट की। जिससे वह बेहोश हो गया। आरोपियों ने सबूत मिटाने के लिए उसे रेल लाइन पर पटक दिया। उन्होंने बताया कि फरार दो आरोपियों की तलाश की जा रही है।
थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी की बहन मृतक के गांव निठार में ही रहती थी। गौरतलब है कि 2 अप्रेल 2018 को आगरा-बांदीकुई रेल लाइन पर एक युवक की सिर कटी लाश मिली थी। जिसका मेडिकल बोर्ड द्वारा पोस्टमार्टम करवाया गया। जिसमें मृतक नीरज की मौत का कारण सिर में चोट आना पाया गया। मामले को लेकर मृतक के पिता लेखराज मीना निवासी निठार ने 2 मई को हत्या का मामला दर्ज करवाया था।
मंड़ावर. पुलिस के साथ हत्या आरोपित ।