महवा. जलदाय कार्यालय पर नारेबाजी कर विरोध जताते जवाहर कॉलोनी के वाशिंदे।
महवा | शहर की जवाहर कॉलोनी में पेयजल समस्या को लेकर आक्रोशित महिलाओं ने जलदाय एईएन कार्यालय का घेराव कर विरोध जताया। जवाहर कॉलोनी में ठप जल आपूर्ति को लेकर दर्जनों महिलाएं जलदाय सहायक अभियंता कार्यालय पहुंची। जहां अधिकारियों के नहीं मिलने पर कार्यालय का घेराव कर विरोध जताया ओर विभागीय अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए नारेबाजी की। महिलाओं का आरोप था कि जवाहर कॉलोनी में जलापूर्ति नहीं होने से कॉलोनी वासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पूर्व में भी अनेक बार आश्वासन दिए गए लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इस दौरान वहां मौजूद जलदाय कर्मियों ने उच्चाधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता कर महिलाओं से समझाइश कर कॉलोनी में टैंकरों से आपूर्ति कराने व पाइप लाइनों को दुरुस्त करवाकर पेयजल सप्लाई सुचारु कराने का भरोसा दिलाया। तब जाकर महिलाएं शांत हुई। महिलाओं ने चेताया की जल्द कॉलोनी में जल आपूर्ति सुचारु नहीं कराई गई तो उनके द्वारा इसके विरोध में उग्र आंदोलन किया जाएगा।
मूही में पानी के लिए भूख हड़ताल आज से
बांदीकुई ग्रामीण | मूही मे व्याप्त पानी की समस्या से परेशान ग्रामीणों का गुस्सा गुरुवार को फूट पड़ा। गुस्साए ग्रामीणों ने यहां आईटी केंद्र पर धरना शुरु कर दिया। ग्रामीणों ने एक स्वर में कहा कि जब तक पेयजल समस्या का समाधान नहीं होगा यहां धरना जारी रहेगा। पंसस दौलतराम मीना के नेतृत्व में वार्ड पंच शांति देवी, बाबूलाल बैरवा, छोटेलाल मीना,नीरज कुमार, दिनेश बैरवा, संजय शर्मा, नीलू राम सैनी, रामफूल सैनी सहित धरने पर बैठे। ग्रामीणों ने कहा कि गांव की बैरवा ढाणी,पीला खाना की ढाणी, परसवाली ढाणी, झूपडया सहित अन्य जगह पानी की समस्या है। कई बार प्रशासन को अवगत कराने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ। ऐसे में उन्हें मजबूरी में धरने पर बैठना पड़ा है।
21 सदस्यीय कमेटी का गठन : धरने पर बैठे पंचायत समिति सदस्य दौलतराम मीना ने बताया कि आंदोलन को मजबूत करने के लिए 21 सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया है। यह कमेटी घर-घर जाकर लोगों से संपर्क करेगी। मीना ने बताया कि वे शुक्रवार को यहां भूख हड़ताल शुरू करेगे। जब तक समस्या का समाधान नहीं होगा तब तक भूख हड़ताल जारी रहेगी।
बांदीकुई. मूही में धरना देते ग्रामीण।