ग्राम स्वराज अभियान के तहत सात योजनाओं का किया जाएगा प्रचार
केंद्र सरकार द्वारा 5 मई तक विशेष ग्राम स्वराज अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत केंद्र सरकार की 7 स्कीमों के बारे में प्रचार किया जाएगा। अभियान के तहत जिला बठिंडा में केंद्र सरकार द्वारा 16 गांवों की पहचान की गई है, जहां सबका साथ, सबका गांव, सभी का विकास के तहत विशेष मुहिम चलाई जाएगी।
यह बात केंद्र सरकार द्वारा नोडल अफसर के रूप में नियुक्त किए गए कमलेश कुमार लैल ने रोपड़ प्रशासनिक अधिकारियों को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने बताया कि देश के 15 हजार गांवों में यह अभियान चलाया जा रहा है। अभियान की सफलता के लिए 1100 अफसरों को केंद्र सरकार द्वारा नोडल अफसर के रूप में नियुक्त किया गया है। उनके साथ केंद्र सरकार के सचिव अनिल कुमार भी मौजूद रहे। अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि जिले के 600 गांवों व केंद्र सरकार द्वारा पहचान किए 16 गांवों में उजाला योजना, प्रधानमंत्री उज्जवला योजना, सहज बिजली हर घर योजना-सौभाग्य, प्रधानमंत्री जन-धन योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना व मिशन इंद्रधनुष तहत के तहत कार्यक्रम करवाए जाएंगे। इस दौरान एडीसी (जनरल) लखमीर सिंह, एडीसी(विकास) अमरदीप सिंह गुजराल, एसडीएम रोपड़ हरजोत कौर, सामाजिक सुरक्षा अधिकारी संतोष विरदी, जिला खुराक सप्लाई कंट्रोल अफसर मधु, दिनेश कुमार, हेमंत हुंदल, डॉ. केसर राम बंगा, डॉ. निधि, सुशील कुमार शर्मा, हरजीत आदि मौजूद रहे।
ग्राम स्वराज अभियान के बारे में चर्चा करते पदाधिकारी -भास्कर
किसानों को बताए जाएंगे आमदनी बढ़ाने के तरीके
अभियान के तहत चुने गए 16 गांवों में 20 अप्रैल को उज्जवला दिवस के रूप में मनाया जाएगा, जहां फूड सप्लाई विभाग व तेल कंपनियां जरूरतमंद परिवारों को गैस कनेक्शन बांटेगी। 26 अप्रैल को राष्ट्रीय पंचायत राज दिवस के रूप में मनाया जाएगा। यहां ग्राम सभा इजलास करवाए जाएंगे। 28 अप्रैल को ग्राम स्वराज दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इस दौरान अच्छा काम करने वाली पंचायतों का सम्मान किया जाएगा। 30 अप्रैल को अंशुमन दिवस के रूप में मनाया जाएगा, जहां सेहत विभाग द्वारा सेहत बीमा संबंधी जानकारी दी जाएगी। 2 मई को किसान विकास दिवस के रूप में मनाया जाएगा, जिसके तहत खेतीबाड़ी विभाग किसानों को वर्ष 2022 तक अपनी आमदन बढ़ाने के तरीके बारे बताएंगे। 5 मई को आजीविका दिवस के रूप में मनाया जाएगा।