घर में फंदे से लटकती मिली महिला की लाश, मायके पक्ष ने आकर की तोड़फोड़
बेंगाबाद के मोतीलेदा के मंझीलाटोल में दो साल पहले बहू बनकर आई पूजा की मंगलवार को फंदा से लटकती लाश मिली। लड़की के चाचा का कहना है कि दहेज के लिए ससुराल वालों ने मार डाला। 50 हजार और एक सोने की चेन की मांग थी। पिता नहीं दे पाए तो उसकी हत्या कर दी। हालांकि उन्होंने थाना में प्राथमिकी के लिए लिखित आवेदन नहीं दिया है। मृतका के पिता के कोलकाता से आने पर ही लिखित आवेदन पड़ेगा। लड़की के चाचा समेत नैहर पक्ष के कई लोग पहुंच गए और घटना से गुस्साए लोग वहां के लोगों से उलझ गए और घर में चौकी-बिछावन, टीवी आदि पलट दिया। हालांकि बाद में स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप से वे शांत हो गए और फूट-फूट का वहीं रोने लगे। लेकिन इस बीच मृतका के सास-ससुर फरार हो गए थे। हालांकि ससुराल पक्ष वालों का कहना है कि यह हत्या नहीं बल्कि आत्महत्या है। पुलिस भी मामले की सही छानबीन के बाद मुकदमा दर्ज करने की बात कह रही थी। नारायण पंडित के पुत्र गणेश पंडित के साथ देवरी थाना के बरवाबाद निवासी लूटन पंडित की बेटी की 22 वर्षीय पूजा देवी के साथ 2 साल पूर्व शादी हुई थी। मोतीलेदा मुखिया रामकुमार वर्मा और पंचायत समिति सदस्य मालती देवी ने घटना स्थल पर पहुंच कर परिजनों को ढाढ़स बंधाया है। थाना प्रभारी पृथ्वी सेन दास ने कहा है मामले की जांच की जा रही है। जांचोपरांत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
लड़की के चाचा ने लगाया दहेज हत्या का आरोप, छानबीन में जुटी पुलिस
कोलकाता में रहते हैं मृतका के पिता, परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल
मृतका के चाचा राजेंद्र पंडित ने मौखिक रूप से कहा कि भतीजी की हत्या की गई है। मार कर लटका दिया गया है। यह आत्महत्या का मामला नहीं है। लड़की के पिता को भी सूचना दे दी गई है जो कोलकाता में काम करने के कारण मोतीलेदा गांव नहीं पहुंच पाए हैं। मायके वालों का रो-रो कर बुरा हाल है।
सूचना मिलते ही घटना स्थल पर पहुंची पुलिस और आसपास से जुटे लोग।
बहन की शादी में नहीं दिया था जाने
मायके नहीं जाने देने को लेकर भी मृतका काफी कुंठित थी, उदास रहती थी। उनकी बहन की शादी बीते 20 अप्रैल को थी। जिसमें पूजा देवी अपने मायके जाना चाह रही थी। इसका विरोध जताते हुए उनके सास-ससुर और ननद ने घोर विरोध किया और पूजा देवी को मायके जाने नहीं दिया था। जिससे वह काफी उदास थी। ऊपर से पति द्वारा 50 हजार और एक सोने की चेन के लिए प्रताड़ित हो रही थी।
ससुराल पक्ष ने आत्महत्या की बात पुलिस को बताई
ससुराल पक्ष से थाना में आवेदन दे कर कहा गया है कि बहू ने फांसी पर लट कर जान दे दी है। कहना है कि मंगलवार देर रात सभी अपने-अपने कमरे में सो गए। इसी क्रम में मृतक पूजा भी अपने कमरे में चली गई और सुबह जब उनके कमरे में देखा गया तो पूजा देवी फांसी के फंदे पर लटकी थी। जिससे शंका होती है कि किसी ने हत्या कर साक्ष्य छुपाने के लिए फांसी के फंदे पर झूला दिया गया है। सूचना पाते ही बेंगाबाद पुलिस पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह भेज दिया। वहीं नारायण पंडित ने बेंगाबाद थाना में आवेदन देकर कहा है कि बहू ने फांसी के फंदे पर झूल कर आत्महत्या कर ली है।