लड़की बेचने वाले गिरोह के 4 लोग गिरफ्तार
लड़की बेचने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए छापामारी के दौरान कोडरमा पुलिस ने बेंगाबाद पुलिस के सहयोग से एक महिला सहित चार अभियुक्तों को दबोचा है। घटना बुधवार की है। बताया जाता है कि कोडरमा थाना में 43/17 के तहत लड़की के परिजनों ने कोडरमा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। जिसमें अलग-अलग जिलों के कई अभियुक्त शामिल हैं। बताया जाता है कि कोडरमा थाना के एएसआई राम सिंह बोमपाई ने इस मामले में कोडरमा थाना डुमरिया से बसंती देवी, गिरिडीह के राजधनवार थाना के वनखंजो निवासी मनोज मोदी को हिरासत में लेकर पूछताछ करने के बावजूद खुलासा हुआ कि बेंगाबाद थाना के बहादुरपुर निवासी चंद्रदीप साव और खिजूरडीहा, मंडरडीह निवासी विमल साव ने मिल कर लड़की को लखनऊ में बेचा है। वहीं इस मामले में विमल साव को बेंगाबाद पुलिस ने घर से ही हिरासत में ले लिया है। पूछताछ जारी है हालांकि और भी कई अभियुक्त इस कांड में शामिल होने की बात बताई जा रही है। बताया जाता है कि बेंगाबाद की खिजुरडीहा और बहादुरपुर की अभियुक्तों के तार कोडरमा में लड़की बेचने वाले गिरोह से जुड़ा हुआ है। इस तरह की घटना इन लोगों द्वारा करने की बात सामने आ रही है। हालांकि अभियुक्त निर्दोष बता रहे हैं। थाना प्रभारी पृथ्वीसेन दास ने कहा कि मामले की जांच के साथ छापामारी की जा रही है। जांच होने के बाद लड़की बेचने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया जाएगा। कोडरमा थाना की पुलिस और बेंगाबाद पुलिस अभियुक्तों के गिरेबां तक पहुंचने का जाल बिछा रहे हैं।