कल्याण कार्यालय बांका में पदस्थापित विनोद कुमार राम पर सेवा निवृत शिक्षक राजेंद्र प्रसाद सिंह से रिश्वत लेने की पुष्टि होने के बाद डीएम ने इसे गंभीरता से लेते हुए निलंबन की कार्रवाई करने का निर्देश वरीय अधिकारी को दिया है। तीन दिन पूर्व ही डीएम ने समाहरणालय परिसर स्थित विभिन्न कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान डीएम ने अधिकारियों से लेकर कर्मियों तक को कार्य प्रणाली में सुधार लाने का निर्देश दिया था।
समीक्षा के दौरान उन्होंने पाया कि पूर्व शिक्षक राजेंद्र प्रसाद सिंह ने चार आवेदन देकर विनोद कुमार राम द्वारा अपने एसबीआई के खाते में अवैध राशि की मांग करने का आरोप लगाया था। शिकायतकर्ता ने ऑडियो क्लिप भी मुहैया कराई। आरोपी पर कार्रवाई करने के लिए अनुसूचित जाति व जनजाति कल्याण विभाग को भेजने का निर्देश डीएम ने दिया। वरीय अधिकारियों को घटना की जांच कर प्रतिवेदन जमा करने कहा है। डीएम ने समाहरणालय के सभी कर्मियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि इस तरह की गतिविधि पाये जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जनता से अपील की अगर कोई कर्मी अवैध राशि की मांग करता है तो सूचित करें।