आंधी में उड़ गए आशियाने, फसल हो गई बर्बाद
प्रखंड क्षेत्र में मंगलवार की सुबह आंधी बारिश में सैकड़ों घर एवं फसल धराशायी हो गए। आंधी इतनी तेज थी कि कई वृक्ष उखड़ गए। आंधी बारिश का खास असर कोहवारा, जगनी, पोठया रामपुर पंचायत क्षेत्र के कई गांव में है। उक्त क्षेत्रों में मक्का, आम लीची की फसल धराशायी नजर आई। हल्की बर्फबारी से मूंग, मिर्च, मूंगफली,पाट के अलावा कई एकड़ जमीन में लगी सब्जी फसल भी नष्ट हो गई। वहीं कोहबारा पंचायत के चंपानगर राजा कृत्यानंद सिंह फुटबॉल मैदान में किसानों द्वारा तैयारी के लिए लाई गई मक्के की फसल पानी में डूबे रहने से कई टन मक्का बर्बाद हो गया। किसान फसल सुखाने बाद औने-पौने दाम में बेचने को विवश हैं। आंधी बारिश से किसानों के सामने आर्थिक संकट के बादल छा गए हैं। उल्लेखनीय है कि कोहवारा पंचायत के सीमावर्ती क्षेत्र बनमनखी प्रखंड के बहोरा पंचायत अंतर्गत मसूरिया वार्ड 13 में अशोक कुमार झा का फुस वाला घर तेज आंधी में उड़ गया तथा टूट कर बर्बाद हो गया। उक्त क्षेत्र के लोग सरकार से जांच कर गुहार लगाते हुए मुआवजे की मांग की है।
चंपानगर में आंधी बारिश के बाद टूटा घर ।