क्षतिग्रस्त क्वार्टरों में रह रहे पुलिस कर्मचारी, हादसे की आशंका
बानमोर| पुलिस थाना परिसर में बने सरकारी क्वार्टरों की जीर्ण-शीर्ण हालत के कारण उसमें रह रहे पुलिस कर्मचारी हादसे की आशंका से ग्रसित है। मकानों की मरम्मत के संबंध में पुलिस कर्मचारी पीडब्लूडी अधिकारियों से भी शिकायत कर चुके हैं, लेकिन उन्होंने इस दिशा में कोई भी कार्रवाई नहीं की। उल्लेखनीय है कि बानमोर पुलिस थाना परिसर मे लगभग एक दर्जन पीडब्लूडी के क्वाटर बने हुए हैं। इन मकानों का निर्माण हुए लगभग 50 वर्ष हो चुके हैं। वर्तमान में इन मकानों की छतों की प्लास्टर पूरी तरह उखड़ चुका है तथा उसमें सरिया निकलने लगे हैं। ऐसी स्थिति में न केवल क्वार्टर धराशाई होने की आशंका है, बल्कि चैंबर जाम होने से घरों में लोग बदबू व सड़ांध से परेशान हैं। पुलिस कर्मियों ने पीडब्लूडी अधिकारियों से कार्रवाई की मांग की है।