मानव सेवा को समर्पित होता है पुरोहितों का जीवन
धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराते बिशप बरवा व अन्य
भास्कर न्यूज | बानो
आरसी मिशन बांकी में रविवार को पुरोहिताभिषेक समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में डीकन सुनील सुरीन और सुनील केरकेट्टा का पुरोहिताभिषेक किया गया। इस मौके पर धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए। मुख्य अनुष्ठाता के रूप में सिमडेगा धर्मप्रांत के धर्माध्यक्ष बिशप विंसेंट बरवा मौजूद थे। उन्होंने दोनों डीकनों का पुरोहिताभिषेक ग्रहण कराया। बिशप बरवा ने कहा कि लोग प्रभु यीशु के बताए रास्ते पर चलकर जीवन को सफल बना सकते हैं। पुरोहिताई का जीवन सेवा और ईश्वर की आराधना का जीवन होता है। कहा कि पुरोहित के रूप में वे कलीसिया की सेवा करें और लोगों को प्रभु यीशु के दिखाए मार्ग पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करें। इस मौके पर आरसी मिशन स्कूल की छात्राओं ने मसीही गीत प्रस्तुत करते हुए दोनों नवपुरोहितों का स्वागत किया। स्थानीय मंडलियाें द्वारा मसीही गीत प्रस्तुत किए गए। कोयर दल के सुधीर डांग, सुनील गोपाल, फ्रांसिस, सामुएल, इसीदोर, प्रबोध एवं छात्राओं द्वारा मसीही वंदना और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। मुख्य अनुष्ठान में बिशप बरवा का सहयोग विकर जनरल फादर इग्नेस टेटे, फादर तोबियस सोरेंग, फादर दोमनिक बरला, फादर पीटर मिंज, फादर अलेक्जेंडर, फादर भितुस, फादर निकोदिम, फादर विपिन ने किया। कार्यक्रम में सिस्टर मोनिका, सिस्टर अनिमा बाड़ा, सिस्टर इमिलिया, सिस्टर सेल्सा, सिस्टर ज्योति सोरेंग सहित कई पुराेहित, धर्मबहनें व काफी संख्या में मसीही विश्वासी मौजूद थे।
कार्यक्रम में भाग लेते लोग