पेरिस कौंसिल चेयरमैन, पादरी लुगुन व प्रचारक को दी विदाई
कार्यक्रम में उपस्थित कौंसिल चेयरमैन, पादरी लुगुन व प्रचारक।
बानो के जीईएल चर्च परिसर में हुआ कार्यक्रम
भास्कर न्यूज | बानो
जीईएल चर्च बानो में सेवा दे रहे बानो पेरिस कौंसिल चेयरमैन पादरी उज्जवल केरकेट्टा, पादरी ईके लुगुन और प्रचारक एमयान बुढ़ को सोमवार को कार्यक्रम आयोजित कर बानो मंडली से विदाई दी गई। बताया गया कि पादरी उज्जवल केरकेट्टा का तबादला आनंदपुर और पादरी ईके लुगुन का तबादला मनोहरपुर हो गया है। वहीं प्रचारक एमयान बुढ़ का तबादला सिजांग मंडली में हुआ है। विदाई समारोह का आयोजन करते हुए चर्च परिसर में मिस्सा पूजा का आयोजन किया गया। इस मौके पर सलन तोपनो ने कहा कि जीवन में आगे बढ़ते रहने के लिए बदलाव जरूरी होता है। इसी क्रम में कौंसिल चेयरमैन पादरी उज्जवल केरकेट्टा, पादरी लुगुन और प्रचारक एमयान बूढ़ का तबादला हुआ है। उन्होंने उम्मीद जाहिर की कि भविष्य में भी इनका मार्गदर्शन मिलता रहेगा। बसंत कोनगाड़ी ने कहा कि विदाई के समय दुख तो होता ही है लेकिन इसके साथ खुशी भी है कि वे जीवन के सफर में और मसीही सेवा के मार्ग में एक कदम और आगे बढ़ रहे हैं। मौके पर उन्हें उपहार देकर विदाई दी गई। कार्यक्रम का संचालन दयामनी सुरीन ने किया। कार्यक्रम में सुधीर लुगुन, सोफिया कोनगाड़ी, संतोषी जोजो, बहालेन कंडुलना, जुनास कंडुलना व आतेन भुईंया आदि मौजूद थे।