70 लीटर अवैध शराब के साथ तीन लोग गिरफ्तार, एक क्विंटल जावा महुआ नष्ट
बानो पुलिस ने मंगलवार को अवैध शराब के खिलाफ सोय, सेमरटोली व कोनसोदे इलाके में छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने करीब एक क्विंटल जावा महुआ नष्ट किया। वहीं 70 लीटर अवैध महुआ शराब के साथ तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लोगों में फगुवा महतो उर्फ बहिरा महतो, गंगाधर साहू और नारायण साहू शामिल हैं।
बानो थाना प्रभारी महेंद्र दास ने बताया कि अवैध शराब की बिक्री पर रोक लगाने के लिए पुलिस और उत्पाद विभाग लगातार अभियान चला रही है। तीन दिनों पूर्व जिला मुख्यालय में उत्पाद अधीक्षक के नेतृत्व में भी अभियान चलाया गया था। जिसमें अवैध शराब बेचने के आरोप में तीन महिलाओं को गिरफ्तार कर जेल भेज गया था। बानो थाना प्रभारी महेंद्र दास ने बताया कि लोगों को अवैध शराब की बिक्री नहीं करने की चेतावनी दी गई है। इसके बाद भी कुछ लोगों द्वारा क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री किए जाने की लगातार शिकायतें मिल रही थी। इसी शिकायत के अालोक में छापेमारी दल का गठन कर अभियान चलाया गया।
इस दौरान अवैध शराब के साथ फगुवा उर्फ बहिरा, गंगाधर और नारायण को पकड़ा गया। अभियान में सब इंस्पेक्टर निरंजन कुमार और जवान शामिल थे। थाना प्रभारी ने कहा कि क्षेत्र को अपराधमुक्त बनाने के लिए जरूरी है कि अवैध शराब की बिक्री किसी हाल में नहीं हो। लगातार क्षेत्र में अभियान चलाकर ऐसे धंधेबाजों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए शराब बिक्री पर रोक लगाई जाएगी। इधर पुलिस की इस कार्रवाई के बाद शराब के अवैध धंधेबाजों में हड़कंप मच गया है।