निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष ने कहा कि सफाई कार्य में किसी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी
भास्कर न्यूज | बंशीधर नगरः
नगर पंचायत क्षेत्र के चेचरिया व बंशीधर मंदिर की गलियों व गलियारों की नाली सफाई का जायजा शुक्रवार को नगर पंचायत नगर उंटारी की अध्यक्ष विजया लक्ष्मी देवी ने लिया। अध्यक्ष ने निरीक्षण के दौरान धीमी गति से चल रहे सफाई कार्य में तेज़ी लाने का निर्देश दिया।
अध्यक्ष ने सभी दुकानदारों से कहा कि कूड़ा कचरा सभी लोग कूड़ेदान में डालें और नगर पंचायत को साफ रखने में मदद करें। उन्होंने हिदायत दी कि अगर कोई भी साफ सफाई नहीं रखा तो उन्हें जुर्माना भरना पड़ेगा। निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष ने कहा कि सफाई कार्य में किसी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नगर के सभी 17 वार्डों में निरंतर सफाई होती रहेगी। कहा कि बिना किसी भेदभाव के वे नगर के समग्र विकास के लिए तत्पर हैं। कहा कि उनके द्वारा सफाई काम का बराबर औचक निरीक्षण किया जाता रहेगा। अध्यक्ष ने कहा कि जिन्होंने उनपर विश्वास कर अपना वोट दिया तथा जिन्होंने किसी कारणवश नहीं दिया।
बिना किसी द्वेष के सबके लिए कार्य करेंगी। कहा कि सभी नगरवासी उनके अपने हैं। साथ ही सबके सुख-दुख में बराबर शरीक होंगी। मौके पर नगर सफाई परियोजना प्रबंधक प्रदीप उपाध्यक्ष, वार्ड पार्षद राजकुमार प्रसाद, शंभू राम, रंजन कुमार, पपली कुंवर, मुकेश रजक सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।