छापेमारी में 14 बोरा गेहूं जब्त किया
प्रखंड विकास पदाधिकारी मुरली यादव ने मंगलवार की रात करीब दस बजे चेचरिया में मिक्की जायसवाल के गोदाम में एसडीओ के निर्देश पर छापेमारी की। बीडीओ ने गोदाम सील कर पिकअप वाहन सहित उस पर लदे 14 बोरा गेहूं जब्त कर थाना को सौंप दिया। इस संबंध में बीडीओ ने बताया कि गुप्त सूचना मिली कि चेचरिया में मिक्की जायसवाल के गोदाम में बड़े पैमाने पर जन वितरण प्रणाली का राशन रखा जा रहा है। सूचना के आलोक में प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी अनिल कुमार गुप्ता व पुलिस बल के साथ थाना प्रभारी निरंजन कुमार को लेकर गोदाम पर गए। वहां पिकअप वाहन संख्या यूपी 64 एच 5317 से गेहूं उतारकर गोदाम में रखा जा रहा था।
बीडीओ ने बताया कि गेहूं का कागजात नहीं दिखाने पर पर गोदाम के दोनों तरफ के दरवाजे को सील कर दिया गया। साथ ही पिकअप वाहन सहित उस पर लदा चौदह बोरा गेहूं जब्त किया गया। प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी को मामले की जांच करने का निर्देश दिया गया है। एमओ की जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। बीडीओ ने कहा कि मिक्की जायसवाल ने बताया कि मैं बाजार बाजार घूमकर खुदरा हर तरह का अनाज खरीदता व बेचता हूं। गेंहू किसानों से खरीदा गया है। जन वितरण प्रणाली का नहीं है।
जब्त अनाज।