ग्राम पंचायत सबलपुरा में पेयजल संकट
ग्राम पंचायत सबलपुरा में पेयजल समस्या से लोगों को परेशानी का सामना करना पड रहा है। सरपंच बिजेंद्र यादव ने बताया कि ग्राम पंचायत सबलपुरा में कई महिनों से पानी की समस्या बनी हुई है। सरपंच ने बताया पानी की समस्या के चलते ग्रामीणों को एक-दो किलोमीटर जाकर खेतों में चल रही बोरिंग से पानी लेकर आना पड़ रहा है। सरपंच ने बताया गांव में पानी के लिए टंकियां तो बनी हुई हैं लेकिन बोरिंग फेल होने से टंकियों में पानी नहीं पहुंच रहा है। ग्राम सबलपुरा व काली पहाड़ी के ग्रामीणों को पेयजल संकट से जूझना पड़ रहा है। सरपंच ने शीघ्र ही पेयजल समस्या को अविलंब दूर करने की मांग की है। इधर, ग्राम पंचायत हमीरपुर सरपंच धोली देवी ने उपखंड अधिकारी दीनानाथ बब्बल को पत्र लिखकर पेयजल समस्या को दूर करने की मांग की है। सरपंच ने बताया ग्राम पंचायत हमीरपुर में सभी ट्यूब वैल सूख चुके हैं तथा भीषण गमी के चलते लोगों को पीने के पानी के लिए मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। सरपंच ने बताया कि केवल एक बोरिंग से ही लोगों को पेयजल की आपूर्ति हो रही है। पानी की समस्या के चलते आए दिन झगडे होते रहते हैं। सरपंच ने शीघ्र ही पानी की समस्या दूर करने की मांग की।
बानसूर. ग्राम पंचायत सबलपुरा में पानी भरने के लिए लगी ग्रामीणों की भीड़।