बांसवाड़ा। गुर्जर समाज महासभा के प्रदेश अध्यक्ष पुरुषोत्तम फागणा शनिवार रात निचला घंटाला पहुंचे,जहां उन्होंने गुर्जर समाजजनों की सभा को संबोधित करते हुए कहा कि गुर्जर समाज को आरक्षण का लाभ मिलना ही चाहिए और हम गुर्जर आरक्षण आंदाेलन का समर्थन करते हैं। साथ ही उन्होंने गुर्जर समाज के विकास को खासा महत्व देते हुए इसके लिए विशेष प्रयास करने का आह्वान किया। इस अवसर पर महासभा के प्रदेश महामंत्री राजेश लोहमोड़ ने विचार व्यक्त किए। महासभा के पूर्व प्रदेश मंत्री धूलीराम गुर्जर ने कहा कि टीएसपी क्षेत्र में रहने वाले गुर्जर समाज के युवाओं को आरक्षण का लाभ मिले,जिससे वे भी मौजूदा प्रतिस्पर्द्धा के दौर में आगे बढ़ पाएं और ऊंचे पदों पर पहुंच पाएं। इससे पूर्व महासभा के जिलाध्यक्ष मनीष गुर्जर और जिलाध्यक्ष धन्नालाल गुर्जर ने समाज के युवाओं की तरक्की के लिए उन्हें राजकीय सेवाओं में अवसर देने के लिए समाज को आरक्षण देने की आवश्यकता पर बल दिया। सभा में प्रतापगढ़ जिलाध्यक्ष कमल गुर्जर, मणिलाल गुर्जर, परथा गुर्जर, प्रदेश कोषाध्यक्ष रमेश गुर्जर, महामंत्री मोहनलाल आदि मौजूद रहे।
प्रदेश अध्यक्ष की यात्रा के मायने
प्रदेश में इन दिनों गुर्जर आरक्षण आंदोलन फिर से प्रारंभ होने की स्थिति में है। साथ ही गुर्जर आरक्षण आंदोलन के अगुवा डॉ. बैंसला ने राज्य सरकार को सात दिनों का समय दिया हुआ है। ऐसी स्थितियों में गुर्जर महासभा प्रदेश अध्यक्ष पुरुषोत्तम फागणा और महामंत्री राजेश लोहमोड़ का बांसवाड़ा आना और यहां आकर गुर्जर बहुल गांव में जनसभा करना काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उल्लेखनीय है कि निचला घंटाला,उपला घंटाला और वनाला के गुर्जर समाजजन पहले भी गुर्जर आरक्षण आंदोलन में भाग ले चुके हैं।